By: प्रेरणा भारती
रघुनाथ गर्ल्स पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज, मेरठ में बुधवार को मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिला सुरक्षा एवं आपातकालीन सहायता हेल्पलाइन नंबरों के प्रति छात्राओं व समाज को जागरूक करने के लिए एक प्रभावशाली जागरूकता रैली का आयोजन किया गया. यह रैली छात्र कल्याण परिषद और एनसीसी की संयुक्त पहल पर आयोजित की गई.
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एवं कॉलेज की प्राचार्या प्रो. निवेदिता कुमारी तथा डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर प्रो. अनु रस्तोगी के संरक्षण में आयोजित इस रैली का शुभारंभ एनसीसी अधिकारी श्रीमती प्रियंका ने किया. उन्होंने छात्राओं को विभिन्न आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए कहा कि संकट की घड़ी में सही नंबर पर तुरंत कॉल करना किसी की जान बचा सकता है. उन्होंने एनसीसी कैडेट्स से आग्रह किया कि वे अपने आस-पास के लोगों को भी इन नंबरों के बारे में जागरूक करें.
रैली में एनसीसी कैडेट्स ने हाथों में आकर्षक बैनर और प्लेकार्ड थामे हुए नारे लगाते हुए कॉलेज परिसर से शहर के प्रमुख मार्गों तक मार्च किया. कैडेट्स ने निम्नलिखित महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों को बार-बार दोहराते हुए लोगों को याद कराया:
– पुलिस एवं आपातकालीन सेवा: 112
– महिला हेल्पलाइन: 1091
– महिला सहायता हेल्पलाइन: 181
– चाइल्ड हेल्पलाइन: 1098
– मेडिकल इमरजेंसी: 108
– स्वास्थ्य सहायता: 105

प्राचार्या प्रो. निवेदिता कुमारी ने कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा, “आपात स्थिति में सही हेल्पलाइन नंबर का उपयोग जीवन और मृत्यु के बीच का अंतर पैदा कर सकता है. हर नागरिक, विशेषकर युवा पीढ़ी को इन नंबरों की जानकारी होना अनिवार्य है.” उन्होंने सभी कैडेट्स और आयोजकों को इस सराहनीय पहल के लिए बधाई दी.
कार्यक्रम के सफल आयोजन में एनसीसी अधिकारी मेजर प्रो. अंजुला राजवंशी, श्रीमती प्रियंका, छात्र कल्याण परिषद के सभी सदस्य तथा एनसीसी कैडेट्स हंसिका चौधरी, शिवानी, प्राची समीहा, फैजा, आशंका आदि का विशेष योगदान रहा.
इस तरह के आयोजन न केवल कॉलेज की छात्राओं को सशक्त बनाते हैं, बल्कि पूरे समाज में सुरक्षा जागरूकता का संदेश प्रसारित करते हैं.
