रघुनाथ गर्ल्स पीजी कॉलेज में वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने पर भव्य सेमिनार आयोजित

By: प्रेरणा भारती

रघुनाथ गर्ल्स पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज, मेरठ में राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ‘वंदे मातरम: स्वतंत्रता प्राप्ति से राष्ट्र निर्माण तक’ विषय पर एक दिवसीय भव्य सेमिनार का आयोजन किया गया. प्राचार्य प्रोफेसर निवेदिता कुमारी के निर्देशन में छात्र कल्याण परिषद एवं अनुशासन परिषद द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में कॉलेज की छात्राओं और स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.

सेमिनार का शुभारंभ प्राचार्य प्रो. निवेदिता कुमारी द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ. इस दौरान छात्र कल्याण परिषद की संयोजिका प्रो. अनु रस्तोगी और अनुशासन समिति की संयोजिका प्रो. नीलम सिंह अपनी टीम के साथ उपस्थित रहीं. कार्यक्रम की शुरुआत अर्थशास्त्र विभाग के श्री रजत कुमार ने मंच संचालन करते हुए की. उन्होंने विभिन्न विभागों की छात्राओं और शिक्षिकाओं को आमंत्रित कर उनके विचार सुने.

रिमझिम पूनिया, खुशी, लेपाक्षी, गौहर, शोभना पाल, रिया, रितु चौधरी, शिवानी चौधरी सहित कई छात्राओं ने राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के तरीकों पर ज़ोरदार विचार व्यक्त किए. छात्राओं ने कहा, “राष्ट्रगीत वंदे मातरम, जो मात्र 92 सेकंड का है, इसका गायन हमारा राष्ट्र धर्म है. देश के प्रति समर्पित होना और उसके लिए खड़े रहना हमारा राष्ट्रीय कर्तव्य है. यदि हम ऐसा नहीं करेंगे, तो देश पतन की ओर जाएगा.” छात्राओं ने कविता के रूप में भी अपनी प्रस्तुति दी, जबकि विभिन्न शिक्षिकाओं ने स्वतंत्रता से राष्ट्र निर्माण तक की यात्रा पर प्रकाश डाला.

प्राचार्य प्रो. निवेदिता कुमारी ने सभी को संबोधित करते हुए कहा, “हमें अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहना चाहिए और हर कार्य में आगे बढ़कर हिस्सा लेना चाहिए. शिक्षा प्राप्त कर देश को आगे ले जाना हमारा कर्तव्य है. सभी देश के कार्यक्रमों में सहभागिता करें और विकसित भारत पोर्टल पर अपने सुझाव भेजें.”

सेमिनार में लगभग 100 छात्राओं ने भाग लिया. कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रो. अनु रस्तोगी, प्रो. नीलम सिंह, प्रो. भावना मित्तल, चिंकी उपाध्याय, शैल वर्मा, लक्ष्मी, डॉ. रेनू चौधरी, डॉ. नजिमा इरफान, डॉ. शैलजा, डॉ. शीतल पांडे और डॉ. मधु मलिक का सराहनीय योगदान रहा. आभार ज्ञापन प्रो. अनु रस्तोगी ने किया.

इस अवसर पर कॉलेज की समस्त शिक्षिकाएं, मीडिया प्रतिनिधि और करीब 100 छात्राएं उपस्थित रहीं. कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ. यह आयोजन छात्राओं में राष्ट्रप्रेम और कर्तव्यभावना जगाने में सफल रहा.

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *