मेरठ में झुग्गी बस्ती में गूँजा संदेश – “एक पढ़ी-लिखी बेटी पूरा परिवार बदल सकती है”

By: The Trek News Desk

रघुनाथ गर्ल्स पी.जी. कॉलेज के गृह विज्ञान विभाग ने आज शहर की एक झुग्गी बस्ती में लड़कियों की शिक्षा पर केंद्रित प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया. नाटक का मुख्य संदेश था, “एक शिक्षित लड़की पूरे परिवार का भविष्य बदल सकती है.”

महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. निवेदिता कुमारी के संरक्षण और विभागाध्यक्ष प्रो. सोनिका चौधरी के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम का संचालन डॉ. ममता कुमारी (असिस्टेंट प्रोफेसर) ने किया. नाटक में बीए प्रथम वर्ष एवं एमए प्रथम वर्ष की छात्राओं ने हिस्सा लिया.

छात्राओं ने संवादों, गीतों और जीवंत अभिनय के ज़रिए समाज में व्याप्त कुरीतियों, बाल-विवाह, दहेज प्रथा और लड़कियों को पढ़ाई से वंचित रखने की मानसिकता पर करारा प्रहार किया. नाटक में दिखाया गया कि शिक्षा से लड़कियाँ कैसे आत्मनिर्भर बनती हैं, आत्मविश्वास हासिल करती हैं और पूरे परिवार को आगे ले जाती हैं.

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्या प्रो. निवेदिता कुमारी ने कहा,   “समाज के अंतिम छोर तक शिक्षा का उजाला पहुँचाना हमारा दायित्व है. एक बेटी को पढ़ाना मतलब पूरे परिवार और आने वाली पीढ़ियों को सशक्त बनाना है.”

नाटक देखने के लिए झुग्गी बस्ती की सैकड़ों महिलाएँ, पुरुष और बच्चे एकत्र हुए. दर्शकों ने छात्राओं की प्रस्तुति पर खूब तालियाँ बजाईं और कई महिलाओं ने कहा कि वे अब अपनी बेटियों को जरूर पढ़ाएंगी.

कार्यक्रम में डॉ. श्वेता त्यागी, सुश्री दीपा कांडपाल, सुश्री विदुषी अग्रवाल एवं सुश्री किरन का विशेष सहयोग रहा.

यह नुक्कड़ नाटक झुग्गी बस्ती में लड़कियों की शिक्षा को लेकर जागरूकता फैलाने में बेहद सफल रहा.

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *