मेरठ कॉलेज में पंचवर्षीय लॉ छात्रों का भव्य दीक्षारंभ समारोह

By: प्रेरणा भारती

मेरठ कॉलेज के विशाल सभागार में सोमवार को पंचवर्षीय विधि (लॉ) के नवागंतुक छात्रों का दीक्षारंभ समारोह उत्साह और गरिमा के साथ आयोजित किया गया. मुख्य अतिथि अतिरिक्त जिला जज (एडीजे) श्री रमेश चंद्र कुशवाहा रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज प्रबंध समिति के सचिव श्री विवेक कुमार गर्ग ने की. पूर्व विधि विभागाध्यक्ष प्रो. के.के. मित्तल विशिष्ट वक्ता के रूप में उपस्थित रहे. कॉलेज प्राचार्य डॉ. सीमा पंवार भी कार्यक्रम में शामिल हुईं.

1893 से विधि शिक्षा का केंद्र रहे मेरठ कॉलेज से प्रतिवर्ष करीब 20 छात्र न्यायिक सेवाओं में चयनित होते हैं. सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश श्री पंकज मित्तल इसी कॉलेज के पूर्व छात्र हैं. शैक्षणिक सत्र 2025-26 में बी.ए. एल.एल.बी. की 120 और बी.कॉम. एल.एल.बी. की 60 सीटें पूरी तरह भर चुकी हैं.

मुख्य अतिथि एडीजे कुशवाहा ने छात्रों को न्यायिक प्रणाली की बारीकियां बताईं. उन्होंने कहा कि पीसीएस-जे से चयनित अधिकारी सात वर्ष की सेवा के बाद हायर ज्यूडिशियल सर्विस (एचजेएस) परीक्षा दे सकते हैं. देश की न्याय व्यवस्था में जनता का विश्वास ही कानून की सच्ची जीत है. अधिवक्ता बनना केवल पेशा नहीं, बल्कि पीड़ितों को न्याय दिलाने का उत्तरदायित्व है.

कॉलेज सचिव विवेक कुमार गर्ग ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) ने कार्यक्षेत्र बदल दिया है. अब सही प्रश्न पूछना बुद्धिमत्ता है. छात्रों से विधि अध्ययन के साथ तर्क क्षमता विकसित करने का आग्रह किया. पूर्व प्राचार्य प्रो. अंजलि मित्तल ने कानून को समाज सेवा का माध्यम बताया. प्रो. के.के. मित्तल ने लॉ ऑफिसर की ईमानदारी पर जोर दिया.

प्राचार्य डॉ. सीमा पंवार ने कठिन परिश्रम, अनुशासन और सतत अध्ययन को सफलता की कुंजी बताया. सचिव गर्ग ने 75 प्रतिशत अंक पर 1100 रुपये और 80 प्रतिशत पर 5100 रुपये नकद पुरस्कार की घोषणा की.

कार्यक्रम में असिस्टेंट लीगल ऐड डिफेंस काउंसिल एडवोकेट अंबर साहरण, प्रेस प्रवक्ता प्रो. चंद्रशेखर भारद्वाज, डॉ. अरविंद कुमार, डॉ. रवीश कुमार, डॉ. रुनझुन बिश्नोई, डॉ. रेखा खत्री, डॉ. काजल बालियान, डॉ. अश्विनी भार्गव सहित कई प्राध्यापक और छात्र उपस्थित रहे. समापन कार्यकारी अधिकारी प्रो. निशा मनीष के धन्यवाद ज्ञापन से हुआ.

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *