भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर, पीएम ने बताया ‘मदर ऑफ़ ऑल डील्स’

By: The Trek News Desk

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार (27 जनवरी 2026) को भारत और यूरोपीय संघ (EU) के बीच मुक्त व्यापार समझौते (FTA) पर हस्ताक्षर होने की घोषणा की. उन्होंने इसे वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए एक ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि यह समझौता दुनिया की कुल जीडीपी के लगभग 25 प्रतिशत और वैश्विक व्यापार के एक-तिहाई हिस्से का प्रतिनिधित्व करता है.

इंडियन एनर्जी वीक को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने इस समझौते को “मदर ऑफ ऑल डील्स” करार दिया. उन्होंने कहा कि यह समझौता 140 करोड़ भारतीयों और करोड़ों यूरोपीय नागरिकों के लिए नए अवसरों के द्वार खोलेगा. पीएम मोदी ने बताया कि भारत और यूरोप के बीच यह बड़ा समझौता सोमवार को संपन्न हुआ.

प्रधानमंत्री ने कहा कि यह समझौता दुनिया की दो प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं के बीच बेहतर तालमेल और सहयोग का प्रतीक है. उनके अनुसार, यह न केवल वैश्विक व्यापार को मज़बूती देगा बल्कि अंतरराष्ट्रीय सप्लाई चेन को भी और अधिक सशक्त बनाएगा.

उन्होंने यह भी कहा कि भारत-EU एफटीए, ब्रिटेन और यूरोपीय मुक्त व्यापार संघ (EFTA) के साथ हुए समझौतों को पूरक रूप से मज़बूत करेगा. इससे भारत की वैश्विक व्यापारिक भागीदारी को नई दिशा मिलेगी.

पीएम मोदी ने कपड़ा, रत्न एवं आभूषण, चमड़ा और जूता उद्योग से जुड़े युवाओं और पेशेवरों को बधाई देते हुए कहा कि यह समझौता इन क्षेत्रों के लिए बेहद लाभकारी साबित होगा. उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि इससे न केवल भारत में मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि सेवा क्षेत्र का भी तेज़ी से विस्तार होगा.

प्रधानमंत्री ने कहा, “यह मुक्त व्यापार समझौता दुनिया भर के निवेशकों और कारोबारियों के लिए भारत पर भरोसे को और मज़बूत करेगा. भारत सभी क्षेत्रों में वैश्विक साझेदारियों को लगातार आगे बढ़ा रहा है.”

विशेषज्ञों के अनुसार, भारत-EU एफटीए आने वाले वर्षों में निवेश, रोज़गार और निर्यात को नई गति दे सकता है, जिससे भारत की आर्थिक स्थिति को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और मज़बूती मिलेगी.

Source: News Agencies

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *