बोलीविया के एल आल्टो में बैंक नोट ले जा रहा C-130 विमान दुर्घटनाग्रस्त, 11 की मौत

By: The Trek News Desk

बोलीविया के पश्चिमी शहर एल आल्टो में शुक्रवार शाम एक सैन्य मालवाहक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई और करीब 20 लोग घायल बताए जा रहे हैं. स्थानीय मीडिया ने यह जानकारी दमकल विभाग के हवाले से दी है.

अधिकारियों के अनुसार, हादसा स्थानीय समयानुसार शाम 6:15 बजे हुआ, जब वायुसेना का C-130 हरक्यूलिस विमान सैंटा क्रूज़ से उड़ान भरकर एल आल्टो हवाई अड्डे पर उतर रहा था. लैंडिंग के दौरान विमान रनवे से फिसल गया और पास खड़े कई वाहनों से टकराया. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई.

बाद में रक्षा मंत्रालय ने पुष्टि की कि दुर्घटनाग्रस्त विमान उसका C-130 हरक्यूलिस था, जो  सेंट्रल बैंक ऑफ बोलिविया के लिए बैंक नोट ले जा रहा था. मंत्रालय ने विमान में सवार लोगों की संख्या या आधिकारिक हताहत आंकड़े जारी नहीं किए.

हादसे के बाद विमान से गिरे नोटों को उठाने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को आंसू गैस का इस्तेमाल करना पड़ा. वीडियो फुटेज में लोग भागते हुए दिखाई दे रहे हैं, जबकि पुलिसकर्मी ढाल लेकर सुरक्षा घेरा बनाते नज़र आए. कुछ लोगों द्वारा पथराव की भी सूचना है.

रक्षा मंत्री मार्सेलो सालिनास ने कहा कि विमान में मौजूद नोटों का कोई कानूनी मूल्य नहीं है, क्योंकि वे अभी केंद्रीय बैंक द्वारा जारी नहीं किए गए थे और उन पर सीरियल नंबर भी नहीं थे. उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसे नोटों का इस्तेमाल करना अपराध माना जाएगा. साथ ही उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने और शोक की इस घड़ी में सम्मान दिखाने की अपील की.

घटनास्थल पर मौजूद दमकल कर्मियों के अनुसार, कम से कम 20 लोग घायल हुए हैं. घायलों को नज़दीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. एक व्यक्ति ने मीडिया को बताया कि उसकी बहन कार में थी, तभी विमान का एक टायर उसकी गाड़ी पर गिर गया, जिससे उसके सिर पर गंभीर चोट आई.

वहीं एक महिला ने मीडिया से बातचीत में कहा कि दुर्घटना के समय तेज़ ओलावृष्टि और बिजली गिर रही थी. मौसम बेहद खराब था, जिससे दृश्यता भी कम हो गई थी.

दुर्घटना के बाद एल आल्टो इंटरनेशनल एयरपोर्ट को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया. अधिकारियों ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है और तकनीकी टीम विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर रही है.

फिलहाल प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा है, जबकि पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है.

Source: News Agencies

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *