By: प्रेरणा भारती
नेशनल एनजीओ बेटियाँ फाउंडेशन (मेरठ टीम) ने आज रोहटा रोड स्थित सनशाइन ग्लोबल स्कूल में एक अनोखे कार्यक्रम का आयोजन किया. संस्था की संस्थापक डॉ. ज्योत्सना जैन के नेतृत्व में आयोजित इस जागरूकता कार्यक्रम का मुख्य विषय था, “मोबाइल एडिक्शन के हानिकारक प्रभाव.”
कार्यक्रम में बच्चों को मोबाइल फोन की लत के दुष्प्रभावों से अवगत कराने के लिए एक रोचक नाटक का मंचन किया गया. फाउंडेशन की टीम ने स्वयं विभिन्न किरदार निभाते हुए नाटक प्रस्तुत किया, जिसमें मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से पढ़ाई, स्वास्थ्य, सामाजिक संबंधों और मानसिक विकास पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभावों को प्रभावी ढंग से दर्शाया गया.
नाटक के बाद बच्चों से प्रश्नोत्तरी सत्र आयोजित किया गया, जिसमें बच्चे उत्साह से भाग लेते हुए सही उत्तर देते नज़र आए. बच्चों ने नाटक को बहुत ध्यान से देखा और समझा, जिससे कार्यक्रम का उद्देश्य सफलतापूर्वक पूरा हुआ.
कार्यक्रम में मेरठ जिला उपाध्यक्ष प्रभा गुप्ता, अर्चना गोयल, मीनू बंसल, मनीषा, हरप्रीत कौर, मोनिका, क्षमा सहित फाउंडेशन की अन्य सदस्याएं मौजूद रहीं.

स्कूल के प्रधानाचार्य ने इस नवीनतम और बच्चों के लिए समझने में आसान तरीके की सराहना की. उन्होंने सुझाव दिया कि इसी तरह का कार्यक्रम स्कूल के बच्चों के अभिभावकों के समक्ष भी प्रस्तुत किया जाए, ताकि घर-परिवार स्तर पर भी जागरूकता फैले.
बेटियाँ फाउंडेशन की मेरठ टीम ने बताया कि वे नियमित रूप से बच्चों, लड़कियों और महिलाओं के उत्थान, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक जागरूकता के लिए ऐसे कार्यक्रम आयोजित करती रहती है. मोबाइल एडिक्शन जैसी आधुनिक समस्या पर फोकस करते हुए संस्था भविष्य में भी ऐसे प्रयास जारी रखेगी.
यह कार्यक्रम बच्चों में डिजिटल संतुलन और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ.
