बांग्लादेश चुनाव 2026: बीएनपी ने किया जीत का दावा, तारिक़ रहमान की ऐतिहासिक वापसी

By: The Trek News Desk

बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) ने 2026 के संसदीय चुनावों में अपनी जीत का दावा किया है. पार्टी प्रमुख तारिक़ रहमान के नेतृत्व में लड़ा गया यह चुनाव 2024 के हिंसक जनविद्रोह के बाद देश में आयोजित पहला आम चुनाव था. बीएनपी के एक वरिष्ठ नेता ने मीडिया को बताया कि पार्टी को स्पष्ट जनादेश मिला है और आधिकारिक परिणामों की घोषणा का इंतज़ार किया जा रहा है.

चुनाव से पहले पूरे देश में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और संयुक्त राष्ट्र विशेषज्ञों ने बढ़ती असहिष्णुता, धमकियों और दुष्प्रचार को लेकर चिंता जताई थी. पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक प्रचार के दौरान हुई झड़पों में पांच लोगों की मौत और 600 से अधिक लोग घायल हुए. हालांकि चुनाव आयोग ने मतदान को अधिकांशतः शांतिपूर्ण बताया और केवल कुछ मामूली घटनाओं की पुष्टि की.

इस बीच पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ ने तारिक रहमान को बधाई देते हुए नई सरकार के साथ मिलकर काम करने की इच्छा जताई. वहीं भारत में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी बीएनपी की जीत पर शुभकामनाएं दीं और भारत-बांग्लादेश के ऐतिहासिक व सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत बनाए रखने की बात कही.

तारिक रहमान ने ढाका-17 और बोगुरा-6 सीटों से जीत दर्ज कर दो दशकों बाद प्रभावशाली राजनीतिक वापसी की है. लंदन से 25 दिसंबर 2025 को लौटने के बाद उन्होंने हवाईअड्डे पर ज़मीन छूकर अपने देश से जुड़ाव का प्रतीकात्मक संदेश दिया था. अपने हालिया संबोधनों में उन्होंने सांप्रदायिक और जातीय सौहार्द पर ज़ोर देते हुए विपक्ष, खासकर आवामी लीग द्वारा लगाए गए आरोपों को खारिज किया.

बीएनपी ने फिलहाल किसी विजय रैली का आयोजन न करने और शांतिपूर्ण सत्ता हस्तांतरण को प्राथमिकता देने की बात कही है.

Source: News Agencies

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *