By: The Trek News Desk
एप्पल ने इस हफ्ते कई नए प्रोडक्ट्स लॉन्च किए हैं, जिनमें किफायती स्मार्टफोन iPhone 17e, नया एंट्री-लेवल लैपटॉप MacBook Neo और अपडेटेड iPad Air शामिल हैं. कंपनी के सीईओ टिम कुक ने पहले ही संकेत दिया था कि यह एप्पल के लिए “बड़ा सप्ताह” होने वाला है. इन नए डिवाइसों को न्यूयॉर्क, लंदन और शंघाई में आयोजित मीडिया इवेंट्स के दौरान प्रदर्शित किया गया. एप्पल की हालिया तिमाही आय भी रिकॉर्ड स्तर पर पहुंची है, जिसमें iPhone 17 सीरीज़ की मज़बूत बिक्री का अहम योगदान रहा है.
एप्पल ने बजट सेगमेंट में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए iPhone 17e पेश किया है. इस स्मार्टफोन में वही A19 chip दिया गया है जो बेस iPhone 17 में मिलता है. इसमें 256 GB स्टोरेज दी गई है, जो पिछले मॉडल से दोगुनी है. इसके अलावा फोन में 48 मेगापिक्सल कैमरा सिस्टम और नया C1X modem दिया गया है, जिससे बेहतर और तेज़ मोबाइल नेटवर्क स्पीड मिलती है. डिस्प्ले थोड़ा छोटा और कम रिफ्रेश रेट वाला है, लेकिन इसमें सुपर रेटिना स्क्रीन और Ceramic Shield 2 प्रोटेक्शन दिया गया है. इसके साथ ही फोन में MagSafe और Qi2 wireless charging का सपोर्ट भी मिलता है. इसकी शुरुआती कीमत 599 डॉलर रखी गई है, जो बेस iPhone 17 से करीब 200 डॉलर कम है. यह फोन ब्लैक, व्हाइट और लाइट पिंक रंगों में उपलब्ध होगा.
कंपनी ने अपने मिड-रेंज टैबलेट iPad Air को भी अपडेट किया है. इसमें M4 chip दिया गया है, जबकि हाई-एंड iPad Pro में नया M5 chip मिलता है. हालांकि M4 चिप भी रोज़मर्रा के काम जैसे वीडियो स्ट्रीमिंग, वेब ब्राउज़िंग और वीडियो एडिटिंग के लिए काफी शक्तिशाली माना जा रहा है. कंपनी ने इस बार iPad Air की RAM को 8GB से बढ़ाकर 12GB कर दिया है, जबकि कीमत में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई. 11-इंच iPad Air की शुरुआती कीमत 599 डॉलर है, जबकि 13-इंच मॉडल 799 डॉलर से शुरू होता है.
Apple ने अपने प्रीमियम लैपटॉप MacBook Pro लाइनअप को भी अपग्रेड किया है. अब इसमें M5 Pro और M5 Max चिप दिए गए हैं, जो बेहतर परफॉर्मेंस और ज़्यादा बैटरी का दावा करते हैं. 14-इंच MacBook Pro में 24GB RAM और 1TB स्टोरेज के साथ इसकी कीमत 2,199 डॉलर रखी गई है, जो पिछले मॉडल से 200 डॉलर ज्यादा है. वहीं 16-इंच MacBook Pro 2,699 डॉलर से शुरू होता है. इन लैपटॉप्स में अब Wi‑Fi 7 और Bluetooth 6 जैसी नई कनेक्टिविटी तकनीक भी दी गई है, हालांकि डिस्प्ले और फ्रंट कैमरा में कोई बड़ा बदलाव नहीं किया गया है.
इसी के साथ Apple ने पहली बार बजट लैपटॉप सेगमेंट में कदम रखते हुए MacBook Neo लॉन्च किया है. यह 13-इंच का लैपटॉप A18 Pro chip के साथ आता है, जो पहले iPhone 16 Pro में देखा गया था. इसमें 256GB स्टोरेज और 8GB RAM दी गई है, तथा दो USB-C पोर्ट मिलते हैं. 512GB वाले मॉडल में Touch ID का सपोर्ट भी दिया गया है. इसकी कीमत 256GB मॉडल के लिए 599 डॉलर और 512GB मॉडल के लिए 699 डॉलर रखी गई है. छात्रों और शिक्षकों को प्री-ऑर्डर पर 100 डॉलर की छूट भी मिलेगी.
कंपनी ने MacBook Air को भी अपडेट किया है. नए मॉडल में बेस M5 चिप दी गई है और स्टोरेज को बढ़ाकर 512 GB कर दिया गया है. इसमें 16GB RAM के साथ बेहतर नेटवर्किंग फीचर्स भी जोड़े गए हैं. 13-इंच MacBook Air की कीमत 1,099 डॉलर रखी गई है, जबकि 15-इंच मॉडल 1,299 डॉलर से शुरू होता है.
कुल मिलाकर Apple ने इस बार अपने नए प्रोडक्ट्स के ज़रिए बजट से लेकर प्रीमियम तक हर तरह के ग्राहकों को ध्यान में रखते हुए अपनी उत्पाद श्रृंखला को मजबूत करने की कोशिश की है. खासतौर पर iPhone 17e और MacBook Neo के ज़रिए कंपनी किफायती डिवाइस बाजार में अपनी मौजूदगी और मज़बूत करना चाहती है.
Source: News Agencies
