पेरिस मेट्रो में तीन महिलाओं पर चाकू से हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार

By: The Trek News Desk

फ्रांस की राजधानी पेरिस में साल के अंत की व्यस्तता के बीच मेट्रो स्टेशन पर हुए चाकू हमलों से हड़कंप मच गया. पुलिस ने शुक्रवार को एक 25 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है, जिस पर पेरिस मेट्रो की एक ही लाइन पर अलग-अलग स्थानों पर तीन महिलाओं पर चाकू से हमला करने का आरोप है.

अभियोजन अधिकारियों के अनुसार, ये हमले मेट्रो लाइन-3 पर हुए, जो मध्य पेरिस से होकर गुज़रती है. पेरिस परिवहन सेवा संचालक आरएटीपी ने बताया कि घटनाएं रिपब्लिक, आर्ट्स ए मेतिए और ओपेरा स्टेशनों के पास हुईं. ये सभी इलाके मारै ज़िले के आसपास स्थित हैं और आमतौर पर काफी भीड़भाड़ वाले माने जाते हैं.

चश्मदीदो के मुताबिक, रिपब्लिक स्टेशन पर एक महिला के पैर में चोट लगी थी और वह गहरे सदमे में दिखाई दे रही थी, जिसे मौके पर ही सुरक्षा दल ने प्राथमिक उपचार दिया. पुलिस ने बताया कि दो महिलाओं को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जबकि तीसरी महिला बाद में खुद इलाज के लिए अस्पताल पहुंची. सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है.

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल फोन की लोकेशन तकनीक की मदद से आरोपी की पहचान कर उसे पेरिस के उत्तर में स्थित वाल-द’ओआज़ क्षेत्र से गिरफ्तार किया. पहली घटना के करीब तीन घंटे के भीतर, शाम लगभग 6:55 बजे आरोपी को हिरासत में ले लिया गया.

पेरिस पुलिस प्रमुख ने त्वरित कार्रवाई के लिए जांच टीम की सराहना की, जबकि गृह मंत्री ने भी विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के समन्वय की प्रशंसा की. घटना के बाद मेट्रो लाइन पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए और यात्रियों की सुरक्षा बढ़ा दी गई.

परिवहन पुलिस ने इस मामले में जानलेवा हमले के प्रयास और हथियार से हमला करने के आरोप में जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि यूरोप के कई शहरों में साल के अंत में त्योहारों और सार्वजनिक कार्यक्रमों के चलते पहले से ही उच्च सतर्कता बरती जा रही है.

फ्रांस के गृह मंत्रालय ने हाल ही में देशभर में सार्वजनिक स्थानों और विशेष रूप से सार्वजनिक परिवहन में सुरक्षा कड़ी करने के निर्देश दिए थे. बढ़ते आतंकी खतरे और सार्वजनिक व्यवस्था को लेकर पुलिस को “अधिकतम सतर्कता” बनाए रखने को कहा गया है.

Source: News Agencies

One thought on “पेरिस मेट्रो में तीन महिलाओं पर चाकू से हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *