पुलवामा दिवस पर सीसीएसयू के ललित कला संस्थान ने कला के माध्यम से नई पीढ़ी में जगाया राष्ट्रप्रेम

By: प्रेरणा भारती

चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के ललित कला संस्थान में पुलवामा दिवस के अवसर पर 2019 के आतंकी हमले में शहीद हुए वीर जवानों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई. छात्र-छात्राओं ने हाथों से बनाए चित्रों के ज़रिए शहीदों को सृजनात्मक नमन किया, जिससे पूरा परिसर राष्ट्रभक्ति और भावनाओं से भर गया.

कार्यक्रम विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर संगीता शुक्ला के प्रेरणा और मार्गदर्शन में आयोजित हुआ. इसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, संवेदनशीलता और कर्तव्यबोध को मज़बूत करना था. छात्रों ने पुलवामा हमले के शहीदों को हाथों से चित्र बनाकर सम्मान दिया. यह कला के ज़रिए स्मरण का प्रतीक बन गया और नई पीढ़ी को शौर्य, त्याग व समर्पण के आदर्शों से जोड़ने का प्रयास रहा.

इस मौके पर प्रोफेसर अलका तिवारी ने पुलवामा घटना का विस्तृत संदर्भ देते हुए शहीदों की वीरता, राष्ट्रनिष्ठा और बलिदान की गाथा सुनाई. उन्होंने कहा, “कला केवल सौंदर्यबोध का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना और राष्ट्रीय मूल्यों को आगे बढ़ाने का प्रभावी साधन भी है.”

कार्यक्रम में संस्थान के सभी शिक्षक, कर्मचारी और विद्यार्थी मौजूद रहे. सभी ने पुष्पांजलि अर्पित कर शहीदों को नमन किया और दो मिनट का मौन रखकर उनकी स्मृति में श्रद्धासुमन अर्पित किए.

आयोजन की सफलता में डॉ. पूर्णिमा वशिष्ठ, डॉ. शालिनी धामा, डॉ. रीता सिंह, सुश्री दीपांजलि, श्री खालिद और कृतिका का खास योगदान रहा. विद्यार्थियों के चित्रों ने वातावरण को भावुक और देशभक्ति से ओत-प्रोत कर दिया.

यह आयोजन विश्वविद्यालय की उस परंपरा का हिस्सा है, जिसमें ज्ञान के साथ संवेदना और राष्ट्रीय उत्तरदायित्व को जोड़कर विद्यार्थियों को जागरूक व मूल्यनिष्ठ नागरिक बनाने का प्रयास किया जाता है.

Source: News Agencies

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *