By: The Trek News Desk
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने गुरुवार को अमेरिका के वाणिज्य सचिव हॉवर्ड लुटनिक और भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर के साथ महत्वपूर्ण बैठक की. गोयल ने बातचीत को “सार्थक और सकारात्मक” बताया.
यह बैठक ऐसे समय हुई है जब भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित अंतरिम व्यापार समझौते (Interim Agreement) को अंतिम रूप देने के लिए वाशिंगटन में 23-25 फरवरी को होने वाली बैठक को फिलहाल टाल दिया गया है.
दरअसल, हाल ही में अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा कुछ देशों, जिनमें भारत भी शामिल है, पर टैरिफ लगाने के लिए इस्तेमाल किए गए विशेष कानूनी प्रावधान को खारिज कर दिया था. इसके बाद दोनों देशों की वार्ता प्रक्रिया पर अस्थायी प्रभाव पड़ा.
भारत सरकार ने इस फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि वह अदालत के निर्णय और उसके संभावित प्रभावों का अध्ययन कर रही है. हालांकि, सरकार ने अंतरिम व्यापार समझौते पर पुनर्विचार के कोई संकेत नहीं दिए.
पीयूष गोयल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बताया कि उन्होंने अमेरिकी वाणिज्य सचिव और राजदूत के साथ व्यापार और आर्थिक सहयोग को विस्तार देने पर लंबी चर्चा की.
वहीं, अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने भी इस मुलाकात को “उत्पादक” बताया और कहा कि भारत-अमेरिका संबंधों में सहयोग की अनेक संभावनाएं मौजूद हैं.
अब तक दोनों देशों के बीच केवल एक संयुक्त बयान जारी किया गया है, जिसमें कहा गया कि “पारस्परिक और संतुलित व्यापार” के लिए एक अंतरिम समझौते की रूपरेखा पर सहमति बन गई है. वाणिज्य मंत्री के अनुसार, इस समझौते पर मार्च के मध्य तक हस्ताक्षर और अप्रैल की शुरुआत से इसे लागू करने की योजना थी.
सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद हॉवर्ड लटनिक ने एक अमेरिकी समाचार चैनल से बातचीत में कहा कि पिछले एक वर्ष से वे व्यापार साझेदार देशों को यह साफ कर रहे थे कि टैरिफ नीति किसी भी परिस्थिति में आगे बढ़ेगी. उन्होंने कहा कि अधिकांश देशों ने कानूनी प्रक्रिया लंबित रहने के बावजूद समझौतों पर हस्ताक्षर किए हैं और फिलहाल किसी भी साझेदार ने समझौते से पीछे हटने की बात नहीं कही है.
भारत और अमेरिका के बीच यह वार्ता ऐसे समय में हो रही है जब दोनों देश रणनीतिक और आर्थिक साझेदारी को नए स्तर पर ले जाने की कोशिश कर रहे हैं. अब देखना होगा कि टैरिफ विवाद और कानूनी पेचीदगियों के बीच अंतरिम व्यापार समझौते को अंतिम रूप कब तक दिया जाता है.
Source: News Agencies
