By: The Trek News Desk
न्यूयॉर्क के व्यस्त ला गार्डिया एयरपोर्ट पर बुधवार रात उस समय हड़कंप मच गया जब डेल्टा एयरलाइंस के दो क्षेत्रीय विमान आपस में टकरा गए. हादसा टैक्सीवे पर हुआ जब एक विमान गेट की ओर बढ़ रहा था और दूसरा हाल ही में लैंडिंग के बाद उसी रास्ते से गुजर रहा था.
रात करीब 9:56 बजे हुए इस टकराव की पुष्टि एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) की ऑडियो रिकॉर्डिंग से हुई है. टक्कर में एक विमान के दाहिने विंग (पंख) ने दूसरे विमान के नाक (nose) वाले हिस्से को टक्कर मारी. इस घटना में कम से कम एक व्यक्ति के घायल होने की सूचना है और एक विमान की विंडशील्ड को नुकसान पहुंचा है.
घटना की कुछ तस्वीरे भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें रनवे पर आपातकालीन लाइटें और एक विमान के विंग पर साफ-साफ क्षति दिखाई दे रही है. यह वीडियो संभवतः किसी नज़दीकी विमान के अंदर से रिकॉर्ड किया गया है.

डेल्टा एयरलाइंस ने इस घटना पर बयान जारी करते हुए बताया कि यह एक “लो-स्पीड कोलिजन” (धीमी गति की टक्कर) थी. टकराने वाले विमान थे-
- एंडेवर एयर फ्लाइट 5047, जो शार्लोट, नॉर्थ कैरोलिना से पहुंचा था,
- और एंडेवर फ्लाइट 5155, जो रोअनोक, वर्जीनिया के लिए रवाना होने वाला था.
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, घटना के तुरंत बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने स्थिति को संभाला और सुरक्षा प्रोटोकॉल सक्रिय किए गए.
ला गार्डिया एयरपोर्ट मुख्य रूप से घरेलू उड़ानों को संचालित करता है और यह अमेरिका के सबसे व्यस्त हवाई अड्डों में से एक है.
अधिकारियों ने कहा है कि हादसे की पूरी जांच शुरू कर दी गई है, और दोनों विमानों के संचालन दल के साथ बातचीत की जा रही है ताकि यह समझा जा सके कि चूक कहाँ हुई.

Source: News Agencies
