By: The Trek News Desk
पूर्व थलसेना प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवणे की आगामी आत्मकथा ‘Four Stars of Destiny’ के प्रकाशन से पहले ही उसके कथित रूप से लीक होने के मामले ने तूल पकड़ लिया है. इस विवाद के बीच दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है.
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, सोशल मीडिया और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म पर किताब की अप्रकाशित कॉपी के प्रसारित होने की खबरों के बाद यह कदम उठाया गया है. प्रकाशक से कई सवाल पूछे गए हैं और विस्तृत जवाब मांगे गए हैं.
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि स्पेशल सेल ने औपचारिक रूप से नोटिस भेजकर प्रकाशन संस्था से इस मामले में स्थिति साफ करने को कहा है. उन्होंने कहा कि किताब के कथित अवैध प्रसार को लेकर शिकायतें मिलने के बाद एफआईआर दर्ज की गई है और जांच जारी है.

सूत्रों के अनुसार, किताब की स्थिति और उसके अनधिकृत संस्करणों के प्रसार को लेकर अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं, जिससे विवाद और गहरा गया है. इस मामले में प्रकाशक, पूर्व सेना प्रमुख और कुछ वरिष्ठ राजनीतिक हस्तियों के नाम भी चर्चा में आए हैं.
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह किस तरह लीक हुई और क्या वास्तव में इसे प्रकाशन से पहले अवैध रूप से साझा किया गया. जांच के नतीजों के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी.
Source: News Agencies
