दिल्ली ग्लोबल स्कूल में “डॉक्टर टॉक” से बच्चों को मिली स्वास्थ्य जागरूकता

By: प्रेरणा भारती

बेटियां फाउंडेशन (नेशनल एनजीओ) के देहरादून जिला अध्यक्ष गीता सिंह और मेरठ जिला अध्यक्ष राधिका अत्रि के संयुक्त प्रयासों से दिल्ली ग्लोबल स्कूल, मवाना रोड, मेरठ में विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य पर केंद्रित जागरूकता कार्यक्रम “डॉक्टर टॉक” का सफल आयोजन किया गया.

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं में शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा मोबाइल फोन के अत्यधिक उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों से उन्हें अवगत कराना था. इस अवसर पर मुख्य वक्ता डॉ. अदिति गुप्ता ने बच्चों को संतुलित आहार, मानसिक स्वास्थ्य की देखभाल और मोबाइल की लत से उत्पन्न होने वाली समस्याओं जैसे नेत्र विकार, तनाव और नींद की कमी आदि पर विस्तृत जानकारी प्रदान की. उन्होंने व्यावहारिक सुझावों के माध्यम से बच्चों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया.

स्कूल के प्रिंसिपल परनिंदू झा और वाइस प्रिंसिपल उषा शर्मा ने इस पहल की भरपूर सराहना की. उन्होंने बेटियां फाउंडेशन के प्रयासों को “सराहनीय” बताते हुए भविष्य में भी स्कूल परिसर में ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने का अनुरोध किया. प्रिंसिपल झा ने कहा कि यह आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा.

यह कार्यक्रम न केवल बच्चों को स्वास्थ्य संबंधी ज्ञान प्रदान करने में सफल रहा, बल्कि अभिभावकों और शिक्षकों के लिए भी प्रेरणादायक साबित हुआ. बेटियां फाउंडेशन की यह पहल समाज में स्वस्थ पीढ़ी निर्माण की दिशा में एक सकारात्मक योगदान है.

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *