By: The Trek News Desk
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट साझा कर अंतरराष्ट्रीय राजनीति में हलचल मचा दी है. पोस्ट में उनकी आधिकारिक तस्वीर के साथ पदनाम के रूप में “वेनेजुएला का कार्यवाहक राष्ट्रपति (Acting President of Venezuela)” लिखा गया है. इसके साथ ही उन्होंने खुद को अमेरिका के 45वें और 47वें राष्ट्रपति के रूप में भी दर्शाया है, जिन्होंने 20 जनवरी 2025 को कार्यभार संभाला था.
यह पोस्ट ऐसे समय सामने आई है जब अमेरिका द्वारा वेनेजुएला में एक बड़े सैन्य अभियान को अंजाम दिया गया है. 3 जनवरी 2026 को एक रात के विशेष ऑपरेशन में वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को हिरासत में लेकर देश से बाहर ले जाया गया. इस कार्रवाई से पहले और बाद में कई हमले किए गए, जिन्हें अमेरिका ने अपनी सैन्य क्षमता का प्रदर्शन बताया.
इस ऑपरेशन के कुछ ही घंटों बाद राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि अमेरिका फिलहाल वेनेजुएला का प्रशासन संभालेगा. उन्होंने दावा किया कि जब तक वहां सुरक्षित और सुव्यवस्थित राजनीतिक परिवर्तन नहीं हो जाता, तब तक अमेरिका काराकस का संचालन करेगा. ट्रंप ने यह भी कहा कि वेनेजुएला के विशाल तेल भंडार का उपयोग कर अन्य देशों को बड़ी मात्रा में तेल बेचा जाएगा.

हालांकि, वेनेजुएला के भीतर हालात अलग तस्वीर पेश कर रहे हैं. मादुरो की अनुपस्थिति में वहां की सुप्रीम कोर्ट की संवैधानिक पीठ ने उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज़ को कार्यवाहक राष्ट्रपति नियुक्त करने का आदेश दिया है. अदालत के अनुसार यह कदम देश में प्रशासनिक निरंतरता और राष्ट्रीय सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है.
डेल्सी रोड्रिगेज़ ने अमेरिका की कार्रवाई की कड़ी आलोचना करते हुए निकोलस मादुरो को देश का वैध राष्ट्रपति बताया और उनकी रिहाई की मांग की है. इस पूरे घटनाक्रम ने न केवल वेनेजुएला बल्कि वैश्विक स्तर पर भी गंभीर राजनीतिक और कूटनीतिक सवाल खड़े कर दिए हैं.
इस असाधारण दावे और घटनाओं के बाद अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजरें अब अमेरिका और वेनेजुएला के बीच आगे होने वाले घटनाक्रम पर टिकी हुई हैं.
Source: News Agencies
