By: The Trek News Desk
जापान के मध्य क्षेत्र में एक प्रमुख हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में कम से कम दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 26 अन्य घायल हो गए. पुलिस के अनुसार, यह दुर्घटना करीब 50 वाहनों की आपस में टक्कर के कारण हुई, जिसमें कई गाड़ियां आग की चपेट में आ गईं.
स्थानीय पुलिस ने बताया कि हादसा दो ट्रकों की टक्कर से शुरू हुआ, जिसके बाद एक के बाद एक कई वाहन आपस में भिड़ते चले गए. इस दौरान कम से कम 10 वाहनों में आग लग गई. मृतकों में टोक्यो की रहने वाली 77 वर्षीय महिला शामिल हैं, जबकि दूसरी लाश एक जले हुए ट्रक के ड्राइवर सीट से बरामद की गई है.
पुलिस के मुताबिक, इस हादसे में पांच लोगों की हालत गंभीर है, जबकि 21 लोगों को मामूली चोटें आई हैं. दुर्घटना के समय इलाके में भारी बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई थी. शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि सड़क पर जमी बर्फ के कारण ट्रकों के फिसलने से यह बड़ा हादसा हुआ.
यह दुर्घटना 26 दिसंबर की शाम करीब 7:30 बजे स्थानीय समय पर गुनमा प्रांत के मिनाकामी क्षेत्र में स्थित कान-एत्सु एक्सप्रेसवे पर हुई, जो टोक्यो से लगभग 160 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में है. आग पर काबू पाने में दमकल कर्मियों को करीब साढ़े सात घंटे का समय लगा.

हादसे के बाद हाईवे का एक बड़ा हिस्सा बंद कर दिया गया है. सड़क के बाहरी लेन में जली और क्षतिग्रस्त गाड़ियों की लंबी कतार देखी गई, जिन्हें हटाने का काम जारी है.
एक व्यक्ति, जो इस दुर्घटना में फंसे वाहनों में शामिल था, उसने स्थानीय मीडिया को बताया कि उसने टक्कर के दौरान तेज़ धमाके की आवाज़ सुनी और दूर से आग की लपटें देखीं. उसके अनुसार, आग तेज़ी से अन्य वाहनों तक फैल गई. उसे लगभग 50 अन्य लोगों के साथ पास के टोल गेट पर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया, जहां सभी ने रात गुज़ारी.
हाईवे संचालक कंपनी नेक्सको ने कहा है कि आग के कारण सड़क की सतह को नुकसान पहुंचा है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है. कंपनी ने यात्रियों को फिलहाल इस मार्ग का उपयोग न करने की सलाह दी है.
Source: News Agencies

Z8slot777, alright. Feeling lucky? Give it a shot, maybe you’ll hit the jackpot. No promises, though! z8slot777.