By: The Trek News Desk
राजस्थान की राजधानी जयपुर की सड़कों पर सोमवार सुबह एक ऐसा हादसा हुआ जिसने पूरे शहर को दहला दिया. सीकर रोड पर तेज़ रफ्तार में दौड़ता एक डंपर अचानक बेकाबू हो गया और लगभग आधा किलोमीटर तक जो भी सामने आया, उसे कुचलता चला गया. हादसे में कम से कम सात लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई गंभीर रूप से घायल हैं.
कैसे हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यह भीषण हादसा हरमाड़ा इलाके में उस वक्त हुआ जब डंपर लोहा मंडी की तरफ से सीकर रोड की ओर जा रहा था. चालक कथित रूप से नशे की हालत में था और गाड़ी करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़ा रहा था. इस दौरान डंपर ने कई कारों, बाइकों और राहगीरों को रौंद दिया.
लगातार टक्करें मारते हुए जब डंपर एक कार से टकराया, तो वाहन पलट गया और उसी कार पर गिर गया. बताया जा रहा है कि कार में सवार पांच लोग मलबे के नीचे दब गए. पुलिस ने क्रेन की मदद से मलबा हटाने का अभियान शुरू किया.
मौके पर अफरातफरी, हाईवे पर जाम
हादसे की सूचना मिलते ही हरमाड़ा पुलिस थाने से टीमें मौके पर पहुंचीं. रेस्क्यू और फायर ब्रिगेड दलों ने राहत कार्य शुरू किया. सड़क पर चारों ओर टूटी गाड़ियाँ, बिखरा मलबा और घायलों की चीखें भयावह मंजर पेश कर रही थीं. हादसे के चलते सीकर रोड पर लंबा जाम लग गया.
घायलों को ‘ग्रीन कॉरिडोर’ के ज़रिए पहुँचाया गया अस्पताल
जिला प्रशासन और पुलिस ने त्वरित एक्शन लेते हुए ग्रीन कॉरिडोर बनवाया ताकि एंबुलेंस आसानी से गुजर सकें. घायलों को सवाई मानसिंह अस्पताल सहित नज़दीकी सरकारी व निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है.
जांच जारी, चालक फरार
पुलिस के अनुसार, डंपर चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया है. शुरुआती जांच में पाया गया है कि वाहन अत्यधिक तेज गति में था और संभवतः ब्रेक फेल या चालक की लापरवाही के कारण नियंत्रण खो बैठा. पुलिस ने मामला दर्ज कर डंपर मालिक और चालक की तलाश तेज़ कर दी है.
Source: News Agencies
