By: The Trek News Desk
घने कोहरे और बेहद कम दृश्यता के चलते बुधवार को राजधानी दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGIA) पर उड़ान संचालन बुरी तरह प्रभावित रहा. खराब मौसम की वजह से कुल 148 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं, जबकि 150 से अधिक उड़ानों में देरी दर्ज की गई.
एयरपोर्ट संचालक दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (DIAL) के अनुसार, रद्द की गई उड़ानों में 78 आगमन और 70 प्रस्थान शामिल हैं. इसके अलावा, दो उड़ानों को अन्य हवाई अड्डों की ओर मोड़ना पड़ा.
DIAL ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि हवाई अड्डे पर दृश्यता में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है, हालांकि कुछ उड़ानों पर अब भी मौसम का असर बना रह सकता है. यात्रियों की सहायता के लिए एयरपोर्ट पर तैनात टीमें एयरलाइंस और अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय में काम कर रही हैं, ताकि टर्मिनलों पर ज़रूरी सुविधाएं और सहयोग उपलब्ध कराया जा सके.
वहीं, नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने भी X पर जारी बयान में कहा कि उत्तर भारत के कई हिस्सों में जारी कोहरे की स्थिति के चलते चुनिंदा हवाई अड्डों पर उड़ान संचालन प्रभावित हो सकता है. मंत्रालय ने एयरलाइंस को निर्देश दिए हैं कि वे यात्रियों को समय पर जानकारी दें और देरी या रद्द होने की स्थिति में आवश्यक सहायता, पुनः बुकिंग, रिफंड और सामान से जुड़ी सुविधाओं का सख्ती से पालन करें.
गौरतलब है कि इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा प्रतिदिन लगभग 1,300 उड़ानों का संचालन करता है, जिससे यह देश के सबसे व्यस्त हवाई अड्डों में से एक है.
Source: News Agencies
