गोवा नाइटक्लब अग्निकांड: थाईलैंड ने लुथरा बंधुओं को वापिस भेजा भारत

By: The Trek News Desk

गोवा के उत्तरी इलाके में स्थित एक नाइटक्लब में हुए भीषण अग्निकांड के मामले में बड़ी कार्रवाई सामने आई है. थाईलैंड के अधिकारियों ने नाइटक्लब के सह-मालिक गौरव लुथरा और सौरभ लुथरा को भारत निर्वासित कर दिया है. इस हादसे में 6 दिसंबर को 25 लोगों की जान चली गई थी, जिसके बाद देशभर में आक्रोश फैल गया था.

जानकारी के अनुसार, ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ नामक नाइटक्लब के दोनों सह-मालिक आग की घटना के तुरंत बाद थाईलैंड के फुकेत शहर चले गए थे. मामले की गंभीरता को देखते हुए उनके खिलाफ इंटरपोल का ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था.

भारतीय दूतावास के हस्तक्षेप और थाई सरकार के साथ समन्वय के बाद, थाई अधिकारियों ने 11 दिसंबर को दोनों को फुकेत में हिरासत में लिया. इसके बाद मंगलवार को उन्हें औपचारिक रूप से भारत के लिए रवाना किया गया. सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में दोनों को बैंकॉक एयरपोर्ट पर देखा गया, जहां से वे भारत लौटे.

सूत्रों के मुताबिक, भारत पहुंचते ही लुथरा बंधुओं को जांच एजेंसियों के हवाले किया जाएगा, जहां उनसे इस मामले में आगे की कानूनी पूछताछ की जाएगी.

इस अग्निकांड की जांच के दौरान नाइटक्लब प्रबंधन पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी और गंभीर लापरवाही के आरोप लगे हैं. अब तक गोवा पुलिस इस मामले में क्लब के पांच मैनेजर और कर्मचारियों को गिरफ्तार कर चुकी है.

घटना के बाद प्रशासन पर भी सवाल उठे हैं और नाइटलाइफ स्थलों में सुरक्षा नियमों के पालन को लेकर व्यापक जांच शुरू की गई है. यह मामला अब गोवा में क्लबों की सुरक्षा व्यवस्था और जवाबदेही को लेकर एक बड़ी बहस का रूप ले चुका है.

Source: News Agencies

2 thoughts on “गोवा नाइटक्लब अग्निकांड: थाईलैंड ने लुथरा बंधुओं को वापिस भेजा भारत

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *