By: The Trek News Desk
इंडिया एआई समिट एक्सपो के दौरान एक विवाद के बाद गालगोटिया यूनिवर्सिटी को अपना स्टॉल तत्काल प्रभाव से खाली करने के निर्देश दिए गए हैं. सरकारी सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई उस समय की गई जब विश्वविद्यालय द्वारा प्रदर्शित एक रोबोटिक डॉग को लेकर विवाद खड़ा हो गया.
बताया जा रहा है कि यूनिवर्सिटी ने एक्सपो में “ओरियन” नाम से एक रोबोडॉग (रोबोटिक कुत्ता) प्रदर्शित किया था, जिसे संस्थान की स्वयं की तकनीकी उपलब्धि बताया गया. हालांकि, सोशल मीडिया पर सामने आई जानकारी के बाद दावा किया गया कि यह उत्पाद वास्तव में चीन निर्मित मॉडल है और संस्थान द्वारा विकसित नहीं किया गया है.
आलोचकों का कहना है कि प्रदर्शित रोबोटिक डॉग चीन की कंपनी युनितरी रोबोटिक्सके लोकप्रिय मॉडल युनितरी Go2 से मिलता-जुलता है. इसके बाद ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर विश्वविद्यालय को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आईं और तकनीक को अपनी मौलिक खोज के रूप में पेश करने के आरोप लगाए गए.
विवाद बढ़ने के बाद सरकारी स्तर पर संज्ञान लिया गया और सूत्रों के मुताबिक, विश्वविद्यालय को एक्सपो परिसर से अपना प्रदर्शन हटाने के लिए कहा गया. मामले ने तकनीकी नवाचार के दावों और पारदर्शिता को लेकर भी बहस छेड़ दी है.
विवाद के बीच गलगोटिया यूनिवर्सिटी ने भी एक आधिकारिक बयान जारी कर अपनी स्थिति स्पष्ट करने की कोशिश की है. हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम ने एआई समिट के दौरान प्रदर्शित तकनीकों की प्रामाणिकता पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
Source: News Agencies
