कैम्ब्रिज डिक्शनरी का 2025 वर्ड ऑफ द ईयर: ‘Parasocial’, आधुनिक दौर का बढ़ता असंतुलित रिश्ता

By: The Trek News Desk

क्या आप किसी सेलिब्रिटी से कभी मिले बिना भी उनसे गहरा जुड़ाव महसूस करते हैं? कैम्ब्रिज डिक्शनरी ने 2025 के लिए अपने Word of the Year के रूप में “Parasocial” को चुना है, एक ऐसा शब्द जो आधुनिक डिजिटल संस्कृति में तेजी से बढ़ रहे एकतरफ़ा और अस्वस्थ भावनात्मक रिश्तों को दर्शाता है.

क्या है ‘Parasocial’?

“Parasocial Relationship” या PSR वह स्थिति है जब कोई व्यक्ति किसी सेलिब्रिटी, इन्फ्लुएंसर, काल्पनिक चरित्र या यहाँ तक कि AI चैटबॉट के साथ भी ऐसा भावनात्मक रिश्ता महसूस करता है जैसे वह उन्हें व्यक्तिगत रूप से जानता हो, जबकि वास्तविक दुनिया में ऐसा कोई संबंध नहीं होता.

यह केवल दूसरी बार है जब किसी विशेषण को वर्ड ऑफ द ईयर का दर्जा मिला है. कैम्ब्रिज डिक्शनरी के अनुसार, यह शब्द “किसी ऐसी कनेक्शन को दर्शाता है जो कोई व्यक्ति किसी मशहूर व्यक्ति या कृत्रिम बुद्धिमत्ता के साथ महसूस करता है, जबकि असल में वे एक-दूसरे को जानते तक नहीं.”

1956 में गढ़ा गया शब्द, सोशल मीडिया ने दी नई उड़ान

यह शब्द सबसे पहले 1956 में समाजशास्त्री डोनाल्ड हॉर्टन और रिचर्ड वोहल ने गढ़ा था, जब उन्होंने टीवी दर्शकों और टीवी सितारों के बीच बन रहे भावनात्मक जुड़ाव को समझाने की कोशिश की थी.
आज सोशल मीडिया, इन्फ्लुएंसर संस्कृति और AI चैटबॉट्स की बढ़त ने इसे एक नई ऊँचाई पर पहुँचा दिया है.

कैम्ब्रिज डिक्शनरी क्यों चुन रही है ‘Parasocial’?

डिक्शनरी के संपादक कॉलिन मैकिन्टॉश ने कहा कि यह शब्द “2025 के ज़ाइगाइस्ट (समय की मानसिकता) को बखूबी पकड़ता है.”
उन्होंने बताया कि इस साल इस शब्द के लिए ऑनलाइन खोजों में जबरदस्त उछाल देखा गया.

कैम्ब्रिज डिक्शनरी ने लिखा, “सोशल मीडिया ने फैंस और सेलिब्रिटीज के बीच नज़दीकी का भ्रम तेज़ कर दिया है. साथ ही, पर्सनैलिटी अपनाने वाले AI चैटबॉट्स और AI साथियों ने एकतरफा रिश्तों की इस प्रवृत्ति को और तेज़ कर दिया है.”

टेलर स्विफ्ट एक प्रमुख उदाहरण

डिक्शनरी ने टेलर स्विफ्ट–ट्रैविस केल्से की सगाई को भी उदाहरण माना, जहाँ दुनिया भर के फैंस ने ऐसे भावनात्मक रिएक्शन दिए मानो वे इस कपल को व्यक्तिगत रूप से जानते हों.
इस खबर के बाद “parasocial” शब्द की खोज अचानक बढ़ गई.

AI चैटबॉट्स से भी बढ़ रहा है ‘Parasocial’ ट्रेंड

विशेषज्ञों के अनुसार, इस साल यह शब्द इसलिए भी अधिक चर्चा में रहा क्योंकि कई लोग AI चैटबॉट्स को मित्र, सलाहकार या कभी-कभी थेरेपिस्ट जैसा दर्जा देने लगे हैं.

यूनिवर्सिटी ऑफ कैम्ब्रिज की प्रोफेसर सिमोन श्नॉल का कहना है, “हम ऐसे दौर में पहुँच गए हैं जहाँ इन्फ्लुएंसर्स और AI के साथ लोग बेहद तीव्र और एकतरफा भावनात्मक बंधन बनाने लगे हैं. यह रिश्ता सिर्फ कल्पना होता है, लेकिन असर बहुत वास्तविक.”

शॉर्टलिस्ट में दूसरे प्रमुख शब्द

कैम्ब्रिज डिक्शनरी ने कुछ और शब्दों को भी इस साल अहम माना, जैसे:

  • Pseudonymization – निजी डेटा को पहचान से रहित संख्या/नाम में बदलना
  • Slop – बेहद निम्न-गुणवत्ता वाला इंटरनेट कंटेंट, खासकर AI द्वारा बनाया गया
  • Memeify – किसी घटना/चित्र/व्यक्ति को मीम में बदलना

2025 में जिन शब्दों पर नज़र रखी गई:

  • Glazing – AI चैटबॉट्स द्वारा दिया गया अत्यधिक, नकली-सा प्रशंसा
  • Bias – के-पॉप फैन संस्कृति में किसी पसंदीदा स्टार के लिए प्रयुक्त शब्द
  • Vibey – किसी जगह का अच्छा माहौल या वाइब
  • Doom spending – मनोवैज्ञानिक सुकून के लिए ज़रूरत से ज़्यादा या अनियोजित खर्च

इससे पहले Dictionary.com ने 2025 के लिए Gen Alpha का वायरल स्लैंग “6-7” चुना था, जबकि Collins Dictionary ने “vibe coding” को वर्ष का शब्द घोषित किया.

Source: News Agencies

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *