By: The Trek News Desk
कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत के उत्तर-पूर्वी हिस्से में स्थित टंबलर रिज सेकेंडरी स्कूल में मंगलवार को हुई गोलीबारी की घटना में हमलावर समेत कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई. इस दर्दनाक घटना में 25 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है.
रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (RCMP) के अनुसार, स्कूल परिसर के अंदर छह लोगों के शव बरामद किए गए, जबकि एक घायल ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया. वहीं, संदिग्ध हमलावर का शव भी स्कूल के भीतर मिला, जिसके बारे में पुलिस का कहना है कि उसने संभवतः खुद को गोली मारी. इसके अलावा दो अन्य लोगों के शव एक घर से मिले हैं, जिसे इस घटना से जुड़ा माना जा रहा है.
RCMP के सुपरिंटेंडेंट केन फ्लॉयड ने प्रेस वार्ता में बताया कि संदिग्ध की पहचान कर ली गई है, लेकिन फिलहाल उसका नाम सार्वजनिक नहीं किया गया है. उन्होंने कहा कि हमले के पीछे की मंशा अभी साफ नहीं है और जांच जारी है.
पुलिस ने बताया कि सक्रिय हमले की सूचना मिलते ही सुरक्षाबलों ने स्कूल में प्रवेश कर हालात को काबू में किया. तलाशी के दौरान कई पीड़ितों को मौके पर ही मृत पाया गया. दो घायलों को एयरलिफ्ट कर अस्पताल भेजा गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है.
घटना के बाद पीस रिवर साउथ स्कूल डिस्ट्रिक्ट ने टंबलर रिज सेकेंडरी स्कूल और टंबलर रिज एलीमेंट्री स्कूल दोनों में “लॉकडाउन” और “सिक्योर एंड होल्ड” लागू कर दिया था.
स्थानीय विधायक लैरी न्यूफेल्ड ने बताया कि समुदाय की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल और एंबुलेंस सेवाएं भेजी गई हैं. उन्होंने कहा कि स्थिति की गंभीरता को देखते हुए संसाधनों की तैनाती बढ़ाई गई है, हालांकि जांच प्रभावित न हो इसलिए फिलहाल अधिक जानकारी साझा नहीं की जा सकती.
करीब 2,400 की आबादी वाले टंबलर रिज शहर में स्थित यह स्कूल ग्रेड 7 से 12 तक के लगभग 175 छात्रों का शिक्षण संस्थान है. कनाडा में इस तरह की घटनाएं बेहद दुर्लभ मानी जाती हैं, जिससे पूरे देश में शोक और चिंता का माहौल है.
फिलहाल पुलिस घटना के कारणों और पीड़ितों के हमलावर से संबंधों की जांच में जुटी हुई है.
Source: News Agencies
