By: The Trek News Desk
फ्रांस की राजधानी पेरिस में अभियोजकों ने एलन मस्क के स्वामित्व वाले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X के फ्रांसीसी दफ्तरों पर छापेमारी की है. पेरिस अभियोजक कार्यालय ने बताया कि यह कार्रवाई उसकी साइबर अपराध इकाई द्वारा की जा रही है, जिसमें यूरोपीय पुलिस एजेंसी यूरोपोल भी सहयोग कर रही है.
अभियोजक कार्यालय के अनुसार, यह जांच जनवरी 2025 में दर्ज की गई शिकायतों के आधार पर शुरू हुई थी. इन शिकायतों में X के एल्गोरिदम और उसके द्वारा सुझाए जाने वाले कंटेंट को लेकर गंभीर सवाल उठाए गए थे. जांच के तहत एलन मस्क और X की पूर्व मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) लिंडा याकारिनो को अप्रैल में सुनवाई के लिए तलब किया गया है.
अब तक X की ओर से इस ताज़ा छापेमारी पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी ने पहले इस जांच को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला करार दिया था.
पेरिस अभियोजक कार्यालय ने अपने बयान में कहा कि यह कार्रवाई यह सुनिश्चित करने के प्रयासों का हिस्सा है कि X फ्रांस के कानूनों का पूरी तरह पालन करे. अधिकारियों के अनुसार, जुलाई 2025 में जांच का दायरा और बढ़ा दिया गया था, जब प्लेटफॉर्म पर यौन रूप से आपत्तिजनक डीपफेक वीडियो और होलोकॉस्ट से इनकार करने वाले कंटेंट के प्रसार की रिपोर्टें सामने आई थीं.

उस समय X ने जांच के विस्तार को “राजनीतिक रूप से प्रेरित” बताया था और इस बात से इनकार किया था कि उसने अपने एल्गोरिदम में किसी तरह की हेरफेर की है.
एक अहम घटनाक्रम में, पेरिस अभियोजक कार्यालय ने यह भी घोषणा की है कि वह अब X प्लेटफॉर्म का उपयोग बंद कर रहा है और भविष्य में अपनी आधिकारिक जानकारियां लिंक्डइन और इंस्टाग्राम के माध्यम से साझा करेगा.
यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब यूरोप में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की जवाबदेही और डिजिटल कंटेंट नियंत्रण को लेकर सख्ती लगातार बढ़ती जा रही है.
Source: News Agencies
