By: The Trek News Desk
अमेरिका की प्रतिनिधि सभा की ओवरसाइट कमेटी में शामिल डेमोक्रेट सांसदों ने जैफरी एपस्टीन से जुड़े हजारों नए दस्तावेज़ सार्वजनिक किए हैं, जिनमें टेस्ला प्रमुख एलन मस्क, अरबपति निवेशक पीटर थील और राजनीतिक रणनीतिकार स्टीव बैनन जैसे हाई-प्रोफाइल नामों का ज़िक्र किया गया है.
इन दस्तावेज़ों में एपस्टीन की 2010 से 2019 तक की डेली शेड्यूल एंट्रीज़ शामिल हैं.
डेमोक्रेट्स की बड़ी कार्रवाई: 8,500 से ज्यादा दस्तावेज़ सार्वजनिक
ओवरसाइट कमेटी की प्रवक्ता सारा गुएरेरो ने बताया कि अगस्त में जारी एक समन के बाद समिति को 8,544 दस्तावेज़ प्राप्त हुए, जिनमें फोन मैसेज लॉग्स, फ्लाइट रिकॉर्ड्स, लेन-देन का ब्योरा और डेली शेड्यूल शामिल हैं.
गुएरेरो ने एक बयान में कहा,
“हर नया दस्तावेज़ एक नई जानकारी सामने लाता है और पीड़ितों को इंसाफ दिलाने की हमारी कोशिशों को मज़बूती देता है. एपस्टीन दुनिया के सबसे ताकतवर और अमीर लोगों के करीब था, और अब यह बात किसी से छिपी नहीं है.”
उन्होंने अमेरिकी अटॉर्नी जनरल पाम बॉन्डी से सभी फाइलें सार्वजनिक करने की मांग भी की.
एलन मस्क की ‘आइलैंड ट्रिप’ की एंट्री चर्चा में
दस्तावेज़ों में सबसे चौंकाने वाली एंट्री 6 दिसंबर 2014 की है, जिसमें लिखा है:
“Reminder: Elon Musk to island Dec. 6 (is this still happening?)”
यह कथित रूप से एपस्टीन के “लिटिल सेंट जेम्स” आइलैंड की यात्रा से जुड़ा है, जहां कई महिलाओं ने यौन शोषण की शिकायतें की थीं. हालांकि, दस्तावेज़ों में यह साफ नहीं है कि यह यात्रा वास्तव में हुई थी या नहीं.

पीटर थील और स्टीव बैनन से मिलने के कार्यक्रम दर्ज
बयान में बताया गया है कि एपस्टीन ने पीटर थील और स्टीव बैनन के साथ बैठकें शेड्यूल की थीं. दोनों अमेरिकी राजनीति और तकनीकी दुनिया की जानी-मानी हस्तियां हैं.
इस बीच, ब्रिटिश शाही परिवार के प्रिंस एंड्रयू का नाम भी दस्तावेज़ों में शामिल है, उन्हें वर्ष 2000 में न्यूयॉर्क से फ्लोरिडा की एक निजी उड़ान में एपस्टीन और उसकी साथी गिलेन मैक्सवेल के साथ देखा गया था.
एलन मस्क ने दी सफाई, बाकी अभी चुप
इन खुलासों के बाद एलन मस्क ने X (पूर्व में ट्विटर) पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा,
“This is false.”
उन्होंने इन दावों को खारिज किया है. जबकि थील, बैनन और प्रिंस एंड्रयू ने इस मामले में अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है.
गौरतलब है कि प्रिंस एंड्रयू ने 2022 में वर्जीनिया जियूफ्रे द्वारा लगाए गए यौन शोषण के आरोपों को न्यायालय से बाहर समझौते के ज़रिए सुलझा लिया था. वर्जीनिया की अप्रैल 2025 में आत्महत्या हो चुकी है.
दस्तावेज़ों में ‘एंड्रयू’ के नाम पर हुए भुगतान का भी जिक्र
वित्तीय लेन-देन के विवरण में यह भी सामने आया है कि एपस्टीन ने कुछ “मसाज थेरेपिस्ट” को भुगतान किया, जो संभवतः किसी “एंड्रयू” के लिए किया गया था. हालांकि इसमें पूरी पुष्टि नहीं की गई है.
दस्तावेज़ों की जांच जारी, DOJ पर उठे सवाल
ओवरसाइट कमेटी ने यह भी स्पष्ट किया है कि सभी दस्तावेज़ों की जांच अभी जारी है, और पीड़ितों की पहचान को छुपाने के लिए कुछ हिस्सों को आंशिक रूप से ब्लैक आउट किया गया है.
एपस्टीन की 2019 में जेल में संदिग्ध परिस्थितियों में आत्महत्या के बाद से यह मामला लगातार चर्चा में रहा है.
उसकी मौत को लेकर कई षड्यंत्र सिद्धांत भी प्रचलित हैं, खासकर उसके डोनाल्ड ट्रंप, बिल क्लिंटन और अन्य हाई-प्रोफाइल व्यक्तियों से कथित संबंधों को लेकर.
ट्रंप प्रशासन द्वारा एफबीआई जांच की रिपोर्ट को सार्वजनिक न करने के फैसले ने भी कवर-अप की आशंका को बढ़ा दिया है.

एलन मस्क ने पूर्व में एक डिलीटेड पोस्ट में दावा किया था कि ट्रंप खुद एपस्टीन फाइलों को छुपा रहे हैं क्योंकि वे उसमें खुद शामिल हैं.
इन दस्तावेज़ों से यह बात एक बार फिर सामने आई है कि एपस्टीन का नेटवर्क केवल अमेरिका तक सीमित नहीं था, बल्कि उसने तकनीकी अरबपतियों, राजनीतिक सलाहकारों और शाही परिवारों तक भी अपनी पहुंच बना ली थी.
हालांकि अभी तक एलन मस्क, पीटर थील, स्टीव बैनन या प्रिंस एंड्रयू के खिलाफ कानूनी रूप से कोई आरोप तय नहीं किए गए हैं, लेकिन यह मामला एक बार फिर गंभीर और व्यापक जांच की मांग करता है.
Source: News Agencies
