By: प्रेरणा भारती
रघुनाथ गर्ल्स पी.जी. कॉलेज में आज “मिशन शक्ति-5.0” के अंतर्गत “इतिहास परिषद्” एवं “स्टूडेंट वेलफेयर एसोसिएशन” के संयुक्त तत्वावधान में “भारत की वीरांगना : दुर्गा भाभी” विषय पर एक अत्यंत प्रेरणादायक अतिथि व्याख्यान का आयोजन किया गया.
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. निवेदिता कुमारी ने की. मुख्य वक्ता डॉ. अंजलि गुप्ता (सहायक आचार्या, इतिहास विभाग) ने छात्राओं के समक्ष क्रांतिकारी दुर्गा भाभी (दुर्गावती देवी) के जीवन और उनके स्वतंत्रता संग्राम में अद्वितीय योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला.
डॉ. अंजलि गुप्ता ने बताया कि दुर्गा भाभी हिन्दुस्तान सोशलिस्ट रिपब्लिकन एसोसिएशन (HSRA) की सक्रिय सदस्य थीं. उनका घर क्रांतिकारियों का सुरक्षित ठिकाना था. भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद, भगवती चरण वोहरा जैसे महान क्रांतिकारियों को हथियार उपलब्ध कराने, संदेश पहुंचाने, धन जुटाने और मानसिक बल देने में दुर्गा भाभी की भूमिका अतुलनीय रही. लाहौर षड्यंत्र केस में भगत सिंह को भगाने के लिए उन्होंने अपनी गोद में बच्चे को लेकर अंग्रेजी साहिबान बनीं और ट्रेन में साथ यात्रा की थी.

उन्होंने जोर देकर कहा, “स्वतंत्रता आंदोलन केवल पुरुषों की लड़ाई नहीं थी. दुर्गा भाभी जैसी वीरांगनाओं ने सिद्ध कर दिया कि महिलाएं जब संकल्प लेती हैं, तो इतिहास बदल सकती हैं. उनका जीवन आज भी हमें देशभक्ति, साहस और त्याग की प्रेरणा देता है.”
प्राचार्या प्रो. निवेदिता कुमारी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा, “हमें दुर्गा भाभी जैसे आदर्शों को अपने जीवन में उतारना चाहिए. राष्ट्र के प्रति त्याग और समर्पण की भावना ही हमें सशक्त बनाएगा.”
कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रो. अनु रस्तोगी, प्रो. अपर्णा वत्स, डॉ. अंजलि गुप्ता, डॉ. पूनम, डॉ. स्वाति शर्मा एवं डॉ. पूजा राजोरिया का सराहनीय योगदान रहा.
छात्राओं ने इस व्याख्यान से अभिभूत होकर दुर्गा भाभी को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की और संकल्प लिया कि वे भी राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देंगी.
