By: The Trek News Desk
इंटरनेट की रीढ़ माने जाने वाले Amazon Web Services (AWS) में आज अचानक आई एक बड़ी तकनीकी खामी ने वैश्विक स्तर पर इंटरनेट सेवाओं को बुरी तरह झटका दिया. DNS (डोमेन नेम सिस्टम) में आई इस गड़बड़ी ने दुनियाभर की तमाम नामचीन वेबसाइट्स और मोबाइल एप्लिकेशंस को अस्थाई रूप से ठप कर दिया.
हालांकि, AWS ने आधिकारिक तौर पर घोषणा की है कि DNS की मूल समस्या का समाधान कर लिया गया है, फिर भी कई डिजिटल प्लेटफॉर्म्स अब भी सामान्य स्थिति में लौटने की प्रक्रिया में हैं.
मामला क्या था?
AWS की स्थिति अपडेट पेज के मुताबिक, सुबह से ही कई सेवाओं में DNS अनुरोध असफल हो रहे थे, जिससे वेबसाइट्स लोड नहीं हो रही थीं या ऐप्स जवाब नहीं दे रहे थे. DNS इंटरनेट की “फोनबुक” होता है, जब यही काम करना बंद कर दे, तो वेबसाइट्स से कनेक्ट होना नामुमकिन हो जाता है.
AWS का कहना है कि अब लगभग सभी सेवाएं सुचारू रूप से चल रही हैं, परंतु कुछ यूज़र्स को सीमित स्लोडाउन या अनुरोध अस्वीकृति जैसी समस्या अभी भी झेलनी पड़ सकती है.
क्या था असर?
इस आउटेज का असर बेहद व्यापक था. जिन सेवाओं पर प्रभाव पड़ा, उनमें शामिल हैं:
- Reddit, Snapchat, Duolingo, Signal, Hinge
- Amazon के सर्वर और ऐप्स: Prime Video, Alexa, Amazon Music
- बैंकिंग सेवाएं: Lloyds Bank, Halifax
- सरकारी वेबसाइट्स: HM Revenue & Customs (HMRC), Government Gateway
- गेमिंग सेवाएं: Fortnite, Pokémon Go, Clash Royale, Roblox
- संचार और ऑफिस टूल्स: Slack, Zoom, Microsoft 365
तकनीकी प्लेटफॉर्म Perplexity AI और HMRC ने पुष्टि की है कि उनकी सेवाएं अब सामान्य हो चुकी हैं.

इतनी बड़ी दिक्कत क्यों बनी?
Amazon Web Services सिर्फ एक क्लाउड कंपनी नहीं, बल्कि दुनिया की सबसे बड़ी क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोवाइडर है. Netflix से लेकर सरकारी विभागों तक, हजारों कंपनियां AWS पर अपनी डिजिटल इमारतें खड़ी करती हैं.
इसलिए जब DNS जैसे बुनियादी नेटवर्क पर कोई बाधा आती है, तो असर सिर्फ एक वेबसाइट पर नहीं, बल्कि पूरे इंटरनेट इकोसिस्टम पर होता है. डिजिटल निर्भरता की यह कड़ी इतनी मजबूत है कि अगर एक लिंक टूटे, तो पूरी चेन हिल सकती है.
यहां तक कि कुछ ऐप्स जो AWS पर होस्टेड नहीं हैं, लेकिन किसी पेमेंट गेटवे या थर्ड पार्टी API के जरिए AWS से जुड़े हैं, वे भी डाउन हो गए.
अब क्या हो रहा है?
AWS का कहना है कि उसने पूरी समस्या को ‘मिटिगेट’ कर लिया है. फिलहाल वे अपने सभी नेटवर्क रूट्स और DNS अनुरोधों की निगरानी कर रहे हैं ताकि कोई नया एरर न उभरे.
यूज़र्स को सलाह दी गई है कि अगर उनकी पसंदीदा साइट अभी भी नहीं खुल रही है, तो कुछ समय बाद फिर प्रयास करें.
Source: News Agencies
