अमेरिका ने दक्षिण कोरिया से आयात पर टैरिफ किया 25%, व्यापार समझौते को लेकर तनाव

By: The Trek News Desk

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दक्षिण कोरिया से आयात होने वाले उत्पादों पर टैरिफ बढ़ाकर 25% करने का ऐलान किया है. उन्होंने आरोप लगाया कि सियोल पिछले साल हुए व्यापार समझौते की शर्तों पर ठीक से अमल नहीं कर रहा है.

सोशल मीडिया पर किए गए बयान में ट्रंप ने कहा कि पहले 15% रहे शुल्क को बढ़ाकर अब 25% किया जा रहा है. यह बढ़ोतरी ऑटोमोबाइल, लकड़ी, दवाइयों सहित कई उत्पादों और अन्य “पारस्परिक टैरिफ” श्रेणियों पर लागू होगी. ट्रंप का कहना है कि अमेरिका ने समझौते के तहत अपने टैरिफ घटाने में तेज़ी दिखाई, जबकि दक्षिण कोरिया की संसद ने अभी तक समझौते को मंज़ूरी नहीं दी है.

दक्षिण कोरियाई सरकार ने कहा कि उसे टैरिफ बढ़ाने के फैसले की कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है और इस मुद्दे पर अमेरिका के साथ फौरन बातचीत की ज़रूरत है. सियोल ने यह भी बताया कि उद्योग मंत्री किम जंग-क्वान, जो इस समय कनाडा में हैं, जल्द ही वॉशिंगटन जाकर अमेरिकी वाणिज्य सचिव हॉवर्ड लुटनिक से मुलाकात करेंगे.

इस फैसले के बाद मंगलवार को दक्षिण कोरिया के प्रमुख शेयर सूचकांक कोस्पी में शुरुआती गिरावट देखी गई, हालांकि बाद में निर्यातक कंपनियों के शेयरों में सुधार के चलते बाज़ार करीब 1.8% की बढ़त के साथ कारोबार करता दिखा.

गौरतलब है कि अमेरिका और दक्षिण कोरिया के बीच पिछले अक्टूबर में एक अहम व्यापार समझौता हुआ था, जिसके तहत दक्षिण कोरिया ने अमेरिका में करीब 350 अरब डॉलर के निवेश का वादा किया था. इसमें जहाज़ निर्माण क्षेत्र में निवेश भी शामिल है. इसके बाद नवंबर में दोनों देशों ने सहमति जताई थी कि जैसे ही दक्षिण कोरिया समझौते को मंज़ूरी देने की प्रक्रिया शुरू करेगा, अमेरिका कुछ उत्पादों पर टैरिफ घटाएगा.

यह समझौता 26 नवंबर को दक्षिण कोरिया की नेशनल असेंबली में पेश किया गया था और फिलहाल समीक्षा के दौर में है. स्थानीय मीडिया के मुताबिक, इसे फरवरी तक पारित किए जाने की संभावना है.

टैरिफ का सीधा असर अमेरिकी आयातक कंपनियों पर पड़ेगा, क्योंकि उन्हें दक्षिण कोरिया से खरीदे जाने वाले सामान पर अब 25% अतिरिक्त कर चुकाना होगा.

अपने दूसरे कार्यकाल में राष्ट्रपति ट्रंप ने टैरिफ को विदेश नीति के दबाव के एक अहम हथियार के तौर पर इस्तेमाल किया है. हाल ही में उन्होंने कनाडा को चेतावनी दी थी कि अगर उसने चीन के साथ व्यापार समझौता किया तो उस पर 100% टैरिफ लगाया जाएगा. हालांकि कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने साफ किया है कि उनका देश चीन के साथ किसी मुक्त व्यापार समझौते पर विचार नहीं कर रहा है.

इससे पहले ट्रंप ने ग्रीनलैंड से जुड़े विवाद के चलते ब्रिटेन समेत आठ देशों पर आयात शुल्क लगाने की धमकी दी थी, जिसे बाद में “भविष्य के समझौते” की बात कहकर वापस ले लिया गया. हालांकि इस पूरे घटनाक्रम से डेनमार्क और अन्य नाटो सहयोगियों के साथ अमेरिका के रिश्तों में तनाव ज़रूर देखने को मिला.

Source: News Agencies

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *