अमेरिका-इंडोनेशिया के बीच बड़ा व्यापार समझौता, टैरिफ घटाकर 19% किया गया

By: The Trek News Desk

अमेरिका और इंडोनेशिया के बीच लंबे समय से जारी व्यापार बातचीत ख़त्म हो गयी है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन और इंडोनेशियाई सरकार ने टैरिफ दरों को 32% से घटाकर 19% करने पर सहमति जताई है. इस समझौते को दोनों देशों के लिए आर्थिक रूप से महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.

व्हाइट हाउस के अनुसार, समझौते के तहत इंडोनेशिया अमेरिका से आयात होने वाले 99% से ज़्यादा उत्पादों पर व्यापारिक बाधाएं कम करेगा. इनमें कृषि उत्पाद, स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी वस्तुएं, समुद्री खाद्य पदार्थ, प्रौद्योगिकी उपकरण और ऑटोमोबाइल से संबंधित सामान शामिल हैं.

इसके बदले अमेरिका ने इंडोनेशिया के कुछ उत्पादों, जैसे अमेरिकी कपास और कृत्रिम फाइबर से बने वस्त्र को टैरिफ में छूट देने पर सहमति दी है.

अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जैमीसन ग्रीर ने कहा कि यह समझौता व्यापार अवरोधों को तोड़ने के साथ-साथ अमेरिकी हितों को भी आगे बढ़ाएगा.

यह समझौता इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो की वॉशिंगटन यात्रा के दौरान अंतिम रूप दिया गया. वह ट्रंप के नेतृत्व में आयोजित “बोर्ड ऑफ पीस” की पहली बैठक में शामिल होने पहुंचे थे, जिसमें ग़ज़ा के पुनर्निर्माण पर चर्चा की गई.

इंडोनेशिया के आर्थिक मामलों के समन्वय मंत्री एयरलंगा हार्तार्टो ने कहा कि यह समझौता दोनों देशों के लिए लाभकारी है और इससे इंडोनेशिया में विदेशी निवेश को बढ़ावा मिलेगा. उन्होंने बताया कि टैरिफ से जुड़े इंडोनेशिया के लगभग 90% प्रस्तावों को अमेरिका ने स्वीकार कर लिया है.

हार्तार्टो के अनुसार, इस समझौते के तहत इंडोनेशिया ने कॉफी, मसाले, चॉकलेट, प्राकृतिक रबर और उसके प्रमुख निर्यात उत्पाद पाम ऑयल सहित 1,700 से अधिक वस्तुओं पर टैरिफ छूट सुनिश्चित की है.

व्हाइट हाउस ने बताया कि इसके बदले इंडोनेशिया अमेरिकी उत्पादों के लिए अपने बाज़ार खोलेगा और वाहन सुरक्षा, उत्सर्जन मानक, चिकित्सा उपकरण और दवा संबंधी अमेरिकी मानकों को स्वीकार करेगा. साथ ही कृषि और तकनीकी उत्पादों की बिक्री पर भी प्रतिबंधों में ढील दी जाएगी.

समझौते के तहत इंडोनेशिया अमेरिकी कंपनियों को अपने रेयर अर्थ (दुर्लभ खनिज) क्षेत्र के बुनियादी ढांचे के विकास में सहयोग देगा. इससे अमेरिका को महत्वपूर्ण खनिजों की आपूर्ति शृंखला मज़बूत करने में मदद मिलेगी.

यह समझौता 90 दिनों में प्रभावी होगा, हालांकि दोनों देशों की सहमति से इसमें संशोधन की गुंजाइश बनी रहेगी.

बुधवार को इंडोनेशियाई और अमेरिकी कंपनियों के बीच खनन, प्रौद्योगिकी, वस्त्र और अन्य क्षेत्रों में 38.4 अरब डॉलर (लगभग 28.6 अरब पाउंड) के निवेश समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए.

राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने अमेरिकी चैंबर ऑफ कॉमर्स द्वारा आयोजित रात्रिभोज में कहा कि यह समझौता इंडोनेशिया के अमेरिका के साथ व्यापार अधिशेष को कम करने में मददगार होगा. उन्होंने दोनों देशों के भविष्य के संबंधों को लेकर आशावाद व्यक्त किया.

Source: News Agencies

6 thoughts on “अमेरिका-इंडोनेशिया के बीच बड़ा व्यापार समझौता, टैरिफ घटाकर 19% किया गया

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *