Web Summit Qatar 2026: Big Tech को चुनौती दे रहा नया सोशल ऐप UpScrolled

By: The Trek News Desk

Web Summit Qatar 2026 में जहां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल नियमों को लेकर चर्चा केंद्र में रही, वहीं एक उभरता हुआ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म UpScrolled सबसे ज़्यादा सुर्खियां बटोरता नजर आया.

पिछले साल लॉन्च हुआ यह सोशल ऐप अब तक दुनियाभर में लाखों बार डाउनलोड किया जा चुका है. UpScrolled फिलहाल अमेरिका, ब्रिटेन, कनाडा और ऑस्ट्रेलिया सहित कई देशों में ऐप स्टोर की टॉप रैंकिंग में शामिल हो चुका है.

Web Summit के उद्घाटन सत्र में UpScrolled के संस्थापक इस्साम हिजाज़ी ने कहा कि उनका प्लेटफॉर्म सोशल मीडिया के एक नए युग का प्रतिनिधित्व करता है, जहां मुनाफे से पहले नैतिकता और यूज़र की भलाई को प्राथमिकता दी जाती है.

हिजाज़ी ने कहा, “पिछले कुछ वर्षों में Big Tech ने साबित कर दिया है कि उनके लिए मुनाफा लोगों से ऊपर है. वे यूज़र डेटा बेचते हैं, लोगों को प्लेटफॉर्म पर लत लगाने के लिए डिज़ाइन करते हैं और मानसिक स्वास्थ्य की परवाह नहीं करते.”

Instagram और X जैसे प्लेटफॉर्म्स की तरह UpScrolled पर भी यूज़र फोटो, वीडियो और टेक्स्ट पोस्ट कर सकते हैं, कंटेंट स्क्रॉल कर सकते हैं और डायरेक्ट मैसेज भेज सकते हैं. लेकिन हिजाज़ी का कहना है कि असली फर्क एल्गोरिदम के इस्तेमाल में है.

उन्होंने बताया, “दूसरे प्लेटफॉर्म पर यूज़र ही प्रोडक्ट होता है. एल्गोरिदम आपको लगातार स्क्रॉल कराता है, ताकि कंपनी कमाई कर सके. हमने UpScrolled को इस तरह डिज़ाइन किया है कि लोग चाहें तो लॉग ऑफ कर सकें.”

UpScrolled खुद को एक एल्गोरिदम-फ्री और एक्सप्रेशन-फ्रेंडली प्लेटफॉर्म के रूप में पेश कर रहा है. कंपनी का दावा है कि यहां न तो शैडो बैनिंग होगी और न ही एल्गोरिदम के ज़रिए कंटेंट को दबाया या बढ़ाया जाएगा.

हिजाज़ी ने कहा कि तकनीक या एल्गोरिदम को दोष देना सही नहीं है, क्योंकि, “एल्गोरिदम वही करता है, जो इंसान उसे सिखाता है. कुछ लोग इसे अपने एजेंडे के हिसाब से ट्रेन करते हैं, कुछ बातों को बढ़ाया जाता है, कुछ को दबा दिया जाता है.”

हाल ही में TikTok की अमेरिका में हुई डील के बाद, जहां राष्ट्रीय सुरक्षा के नाम पर डेटा और एल्गोरिदम पर नियंत्रण बढ़ा, वहां यूज़र्स के बीच पारदर्शिता और डिजिटल आज़ादी को लेकर सवाल और तेज़ हो गए हैं. इसी माहौल में UpScrolled जैसे प्लेटफॉर्म्स को यूज़र्स का भरोसा मिलता दिख रहा है.

हिजाज़ी के अनुसार, UpScrolled को ऐसे निवेशकों से भी समर्थन मिल रहा है जो कंपनी की नैतिक दिशा और विज़न से सहमत हैं.

उन्होंने कहा, “दुनिया भर में बहुत से ऐसे लोग हैं जो नैतिक टेक्नोलॉजी बनाना चाहते हैं. हमें खुशी है कि ऐसे लोग हमारे मिशन का हिस्सा बनना चाहते हैं.”

UpScrolled की शुरुआत मौजूदा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से फैली नाराज़गी के जवाब के रूप में हुई थी. हिजाज़ी का लक्ष्य है कि ऐप का तेज़ी से बढ़ता सफर जारी रहे और इसे ‘लोगों का प्लेटफॉर्म’ बनाया जाए.

Source: News Agencies

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *