By: The Trek News Desk
दुनिया की सबसे बड़ी स्ट्रीमिंग कंपनियों में शामिल Netflix ने Warner Bros Discovery के फिल्म और स्ट्रीमिंग व्यवसाय को खरीदने के लिए 72 अरब डॉलर (लगभग ₹6 लाख करोड़) का विशाल सौदा पक्का कर लिया है. लंबे समय तक चली बोली की प्रतिस्पर्धा में Netflix ने Comcast और Paramount–Skydance जैसे दिग्गज़ों को पछाड़ते हुए बढ़त बनाई.
इस अधिग्रहण के साथ Netflix को Harry Potter, Game of Thrones जैसी वैश्विक फ्रेंचाइज़ी और HBO Max जैसी प्रमुख स्ट्रीमिंग सेवा पर नियंत्रण मिल जाएगा, जिससे अमेरिकी मनोरंजन उद्योग का ढांचा पूरी तरह बदलने की संभावना है.
सौदे का आकार: प्रति शेयर 27.75 डॉलर, कुल वैल्यू 82.7 अरब डॉलर
कंपनी के मुताबिक यह एक कैश + स्टॉक डील है, जिसमें Warner Bros का मूल्यांकन लगभग 82.7 अरब डॉलर आंका गया है.
Netflix के सह-सीईओ टेड सारानडोस ने कहा कि Warner Bros की प्रतिष्ठित लाइब्रेरी और Netflix की पहुंच मिलकर “अगली सदी की कहानी कहने की दिशा तय करेंगी.”
दूसरे सह-सीईओ ग्रेग पीटर्स ने इसे “Warner Bros कंटेंट को दुनिया भर के और बड़े दर्शक समूह तक पहुँचाने का अवसर” बताया.
Warner Bros के सीईओ डेविड ज़ास्लाव ने इस घोषणा को “दुनिया की दो सर्वश्रेष्ठ स्टोरीटेलिंग कंपनियों का मिलन” कहा.
उनके अनुसार, “Netflix के साथ आने से हमारी कहानियाँ आने वाली पीढ़ियों तक और व्यापक रूप से पहुंचेंगी.”
कैसे बनी बात: Paramount की शुरुआती बोली को ठुकराया गया
Paramount ने अक्टूबर में पूरी कंपनी (CNN जैसे केबल नेटवर्क समेत) खरीदने की पेशकश की थी, लेकिन Warner Bros ने उसे ठुकरा दिया और बाद में औपचारिक रूप से बिक्री की प्रक्रिया शुरू की.
बाज़ार में अनुमान पहले ही था कि Netflix टॉप दावेदार बन सकता है, लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि विजेता चाहे कोई भी होता, अमेरिकी प्रतिस्पर्धा नियामक (FTC) की जांच लगभग तय थी.
विश्लेषक एमा वॉल ने कहा, “यह वैश्विक मनोरंजन उद्योग में एक सुपर-कोलॉसस बनाएगा, जिसे रेगुलेटर निश्चित रूप से बारीकी से परखेंगे.”

हॉलीवुड पर असर: सिनेमा की दिशा बदल सकती है
Enders Analysis के टेलीविज़न प्रमुख टॉम हैरिंगटन ने कहा कि यह सौदा मंजूर हुआ तो हॉलीवुड के संतुलन में बड़ा बदलाव आएगा.
“Netflix एक ऐसी कंपनी है जो पारंपरिक सिनेमा के विरोधाभास पर खड़ी है, यह डील सिनेमा की स्थापित व्यवस्था को झकझोर देगी,” उन्होंने कहा.
उनके अनुसार, विलय के बाद टीवी और फिल्मों का उत्पादन “काफी कम” हो सकता है, जिससे हॉलीवुड और यूनियनों की नाराज़गी बढ़ना तय है.
उन्होंने चेतावनी दी कि HBO जैसी “क्रिएटिव ज्वेल” Netflix की संरचना के भीतर जोखिम में पड़ सकती है.
उपभोक्ताओं के लिए क्या बदलेगा?
विशेषज्ञों का अनुमान है कि विलय के बाद दर्शकों को महंगी सब्सक्रिप्शन कीमतों का सामना करना पड़ सकता है. Netflix की कीमतें बढ़ने की संभावना है, और HBO Max के बंद होने या सहायक सेवा बनने के बाद भी Netflix के विशाल उपयोगकर्ता आधार के चलते कुल उद्योग-राजस्व में बढ़ोतरी तय मानी जा रही है.
Source: News Agencies
