मैक्सिको में हिंसा के बाद भारतीय दूतावास ने अपने नागरिकों के लिए जारी की एडवाइज़री

By: The Trek News Desk

मैक्सिको में एक बड़े ड्रग कार्टेल सरग़ना के मारे जाने के बाद भड़की हिंसा और सुरक्षा अभियानों के मद्देनज़र भारतीय दूतावास ने वहां रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए सुरक्षा एडवाइज़री जारी की है. दूतावास ने लोगों से अगली सूचना तक सुरक्षित स्थानों पर रहने और गैर-ज़रूरी आवाजाही से बचने की अपील की है.

मैक्सिको सरकार ने 22 फरवरी 2026 को पुष्टि की कि सुरक्षा बलों ने कुख्यात ड्रग माफिया सरग़ना नेमेसियो ओसेगुएरा उर्फ “एल मेन्चो” को मार गिराया है. वह मैक्सिको और अमेरिका में वांछित अपराधियों की सूची में शामिल था. इस कार्रवाई के बाद कई इलाकों में हिंसा, सड़क जाम और उड़ानों के रद्द होने की घटनाएं सामने आई हैं.

भारतीय दूतावास ने विशेष रूप से जालिस्को राज्य (प्यूर्टो वल्लार्टा, चापाला और ग्वाडलाहारा), तमाउलिपास राज्य (रेनोसा और अन्य नगरपालिकाएं), मिचोआकान, गुरेरो और न्यूवो लियोन राज्यों में रह रहे भारतीय नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है. इन क्षेत्रों में जारी सुरक्षा अभियानों और रास्तों पर अवरोध के चलते लोगों को सुरक्षित स्थान तलाशने को कहा गया है.

दूतावास ने अपने आधिकारिक बयान में कहा है कि भारतीय नागरिक कानून प्रवर्तन एजेंसियों की गतिविधियों वाले इलाकों से दूर रहें, भीड़-भाड़ से बचें और अपने आसपास की स्थिति पर लगातार नज़र बनाए रखें. आवश्यकता न होने पर बाहर न निकलें और स्थानीय समाचार माध्यमों के ज़रिए ताज़ा अपडेट लेते रहें.

आपात स्थिति में स्थानीय प्राधिकरणों के निर्देशों का पालन करने और 911 पर संपर्क करने की सलाह दी गई है. साथ ही, अपने परिजनों और मित्रों को फोन, संदेश या सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी स्थिति की जानकारी देते रहने को कहा गया है.

किसी भी आपात सहायता के लिए मैक्सिको स्थित भारतीय दूतावास ने हेल्पलाइन नंबर +52 55 4847 7539 जारी किया है. दूतावास ने भरोसा दिलाया है कि वह हालात पर नज़र रखे हुए है और भारतीय समुदाय की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है.

Source: News Agencies

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *