बिलासपुर ट्रेन हादसा: 6 की मौत, कई घायल, महिला कोच बुरी तरह क्षतिग्रस्त

By: The Trek News Desk

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर ज़िले में मंगलवार को एक भीषण रेल हादसा हुआ, जिसमें एक पैसेंजर ट्रेन मालगाड़ी से टकरा गई. यह दुर्घटना लाल खदान क्षेत्र के पास बिलासपुर स्टेशन से करीब पांच किलोमीटर पहले हुई. हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हैं. मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और प्रशासन ने सभी अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रखा है.

सूत्रों के अनुसार, रायगढ़ से बिलासपुर आ रही पैसेंजर ट्रेन किसी कारणवश मालगाड़ी से पीछे से टकरा गई, जिससे यात्रियों से भरे डिब्बे पटरी से उतर गए. महिला कोच और गार्ड की बोगी को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचा है. कई यात्री अब भी अंदर फंसे हुए हैं, जिन्हें गैस कटर की मदद से बोगी काटकर बाहर निकाला जा रहा है.

रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, मौके पर पहुंचीं टीमें

घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें राहत और बचाव कार्य के लिए मौके पर पहुंच गईं. रेलवे अधिकारी, बिलासपुर कलेक्टर, और स्थानीय विधायक भी घटनास्थल पर मौजूद हैं.
हादसे के बाद बिलासपुर-कटनी रेलखंड पर ट्रेनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई है, जिससे कई अन्य ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ है.

अधिकारियों ने बताया कि हादसे में घायल लोगों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. कुछ यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है. रेस्क्यू टीम को अंधेरा और मलबे के ढेर के कारण राहत कार्य में दिक्कतें आ रही हैं.

लोको पायलट केबिन में फंसा, दो यात्री अभी अंदर

बिलासपुर के कलेक्टर ने बताया कि दो यात्री और लोको पायलट अब भी अंदर फंसे हुए हैं. बचावकर्मी लगातार कोशिश कर रहे हैं कि जल्द से जल्द सभी को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके.
सीपीआरओ बिलासपुर ने बताया कि हादसा तब हुआ जब आगे चल रही मालगाड़ी को कोरबा पैसेंजर ट्रेन ने पीछे से टक्कर मारी. फिलहाल, दुर्घटना के कारणों की जांच के आदेश दे दिए गए हैं.

रेलवे ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों और उनके परिजनों की मदद के लिए दो हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं:
7777857335
7869953300

इन नंबरों पर कॉल करके यात्री और उनके परिजन दुर्घटना से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं.

सीएम विष्णुदेव साय ने दिए राहत कार्य तेज़ करने के निर्देश

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है और ज़िला प्रशासन से तुरंत राहत कार्यों में तेज़ी लाने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने वीडियो कॉल के माध्यम से घटनास्थल का जायज़ा लिया और अधिकारियों को हर संभव सहायता देने का आदेश दिया.

रेलवे ने मुआवज़े की घोषणा की

रेल मंत्रालय ने हादसे में मारे गए यात्रियों के परिजनों के लिए ₹10 लाख रुपए का मुआवज़ा और गंभीर रूप से घायल यात्रियों के लिए ₹5 लाख रुपए की सहायता राशि की घोषणा की है.

अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि हादसा सिग्नल फेलियर, तकनीकी खराबी, या मानव त्रुटि की वजह से हुआ. जांच जारी है.

Source: News Agencies

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *