फ्रांस सरकार ने 2026 बजट को लेकर दूसरा अविश्वास प्रस्ताव भी किया पार

By: The Trek News Desk

फ्रांस की सरकार ने 2026 के बजट को लेकर संसद में पेश किए गए दूसरे अविश्वास प्रस्ताव को भी विफल कर दिया है. शुक्रवार (23 जनवरी 2026) को नेशनल असेंबली में हुए मतदान में सरकार के खिलाफ ज़रूरी बहुमत वोट नहीं मिले, जिससे प्रधानमंत्री सेबास्टियन लेकोर्नू के नेतृत्व वाली सरकार फिलहाल सत्ता में बनी रही.

यह अविश्वास प्रस्ताव धुर-दक्षिणपंथी नेशनल रैली (RN) पार्टी द्वारा लाया गया था, जिसे संसद के 142 सदस्यों का समर्थन मिला. हालांकि, प्रस्ताव को पारित होने के लिए 288 सांसदों के समर्थन की आवश्यकता थी, जो इसे नहीं मिल सके.

सरकार के खिलाफ यह प्रस्ताव इसलिए लाया गया था क्योंकि उसने 2026 के बजट के आय (रेवेन्यू) से जुड़े हिस्से को नेशनल असेंबली की अंतिम मंज़ूरी के बिना ही आगे बढ़ाने का फैसला किया था. विपक्ष का आरोप है कि सरकार ने संसद की भूमिका को दरकिनार किया है.

इससे पहले, इसी मुद्दे पर वामपंथी दलों द्वारा लाया गया एक अन्य अविश्वास प्रस्ताव भी मतदान में गिर गया था. इन दोनों प्रस्तावों के असफल होने के बाद अब प्रधानमंत्री लेकोर्नू के फ्रांस के संविधान के अनुच्छेद 49.3 का इस्तेमाल कर बजट के खर्च वाले हिस्से को बिना मतदान के लागू करने की संभावना जताई जा रही है.

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अनुच्छेद 49.3 के इस्तेमाल से सरकार को बजट पारित कराने में तो सहूलियत मिल सकती है, लेकिन इससे संसद में एक बार फिर अविश्वास प्रस्ताव लाए जाने की आशंका बढ़ जाएगी.

Source: News Agencies

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *