By: The Trek News Desk
पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में शुक्रवार को एक शिया मस्जिद पर हुए आत्मघाती हमले में कम से कम 31 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए. यह हमला जुमे की नमाज़ के दौरान किया गया.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, विस्फोट शहजाद टाउन इलाके स्थित तरलाई इमामबाड़ा में हुआ. बताया जा रहा है कि आत्मघाती हमलावर को इमामबाड़ा के प्रवेश द्वार पर ही रोक लिया गया था, लेकिन उसने खुद को वहीं विस्फोट से उड़ा लिया.
हमले के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. पुलिस और राहत दल तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया. गंभीर रूप से घायल लोगों को राजधानी के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है.
स्थिति को देखते हुए इस्लामाबाद के अस्पतालों में आपातकाल घोषित कर दिया गया, ताकि घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा दी जा सके.
इस हमले की जिम्मेदारी अभी तक किसी भी आतंकी संगठन ने नहीं ली है. हालांकि, पुलिस सूत्रों का कहना है कि हमलावर विदेशी नागरिक था और उसके संबंध फितना अल-ख़्वारिजी से बताए जा रहे हैं, जो पाकिस्तान में तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला शब्द है.

यह हमला ऐसे समय हुआ है जब राजधानी में सुरक्षा पहले से ही संवेदनशील मानी जा रही थी. करीब तीन महीने पहले भी इस्लामाबाद में जिला एवं सत्र न्यायालय के बाहर हुए आत्मघाती धमाके में 12 लोगों की जान चली गई थी.
गौरतलब है कि यह आत्मघाती हमला ऐसे वक्त हुआ जब उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शावकत मिर्ज़ियोयेव पाकिस्तान के आधिकारिक दौरे पर हैं. वह गुरुवार को दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर पाकिस्तान पहुंचे थे.
हमले के बाद राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है, जबकि जांच एजेंसियां पूरे मामले की छानबीन में जुट गई हैं.
Source: News Agencies
